रील्स पिशाच : किसीने पति को मारा, किसी ने पत्नी को, कोई खुद हुआ फना

रील्स पिशाच : किसीने पति को मारा, किसी ने पत्नी को, कोई खुद हुआ फना

भिलाई। बन्दर के हाथ में उस्तरा कहावत का सही अर्थ तब नहीं पता था पर अब इसे सभी महसूस कर रहे हैं। कैमरा और इंटरनेट वाला स्मार्टफोन इन दिनों खुद को वही उस्तरा साबित कर रहा है। रील्स बनाकर लाइक बटोरने का शौक सिर चढ़ कर बोल रहा है। घर-घर में झगड़े हो रहे हैं। कहीं पति पत्नी का गला दबा रहा है तो कहीं पत्नी अपने पति का गला घोंट रही है। कोई जान ले रहा है तो कोई जान दे रहा है। इस तरह की कई घटनाएं एक सप्ताह में सामने आई हैं –

ताजा मामला भिलाई का ही है। अंजली साव (35) इंस्टाग्राम रील बनाती थी। उसके पति को यह पसंद नहीं था। दोनों में आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार को जब बच्चे ट्यूशन गए तो अंजलि ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। जब बच्चे लौटे तो मां को लटकते देखा।
इससे पहले मध्य प्रदेश के झाबुआ में एक नाबालिग ने अपने पति को मौत की नींद सुला दिया। कुछ दिन पहले दोनों एक शादी समारोह में गए थे। पत्नी डीजे पर नाचने और रील बनाने लगी। पति ने मना किया। घर लौटने के बाद जब पति गहरी नींद में था तब उसकी 17 वर्षीय पत्नी ने उसी पगड़ी से उसका गला घोंट दिया जिसे बांधकर उसने शादी की थी। यह तरीका भी उसने यूट्यूब पर सीखा था।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक खबर आई। एक युवक ने बताया कि उसकीी भाभी अश्लील रील्स बनाती थी। उसका भाई इसी को लेकर टोका-टाकी करता था।  भाई सुनील राज मिस्त्री का काम करने हरियाणा में रह रहा था। भाभी अपने तीन बच्चों के साथ बदायूं के इस्लामनगर में रहती थीं। भैया ने अपनी पत्नी के रील्स वहीं देखे तो फोन पर ही नाराजगी जताई। इससे पहले कि भाई घर लौटता, भाभी किसे के साथ परार हो गई। दुखी भैया ने आत्महत्या कर ली।

दिल्ली के नजफगढ़ में मंगलवार को एक युवक ने गला घोंटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसने खुद भी जान देने की असफल कोशिश की। वह ई-रिक्शा चलाता है। बीवी के वायरल रील्स से वह काफी परेशान था। उसे उसके चरित्र पर भी संदेह था। फिलहाल वह जीवित है और उसका इलाज चल रहा है।

इस तरह की घटनाएं पिछले कुछ समय में तेजी से बढ़ी हैं। इधर यूट्यूब शार्ट्स गंदे और अश्लील कंटेंट से भर गए हैं। रात होते ही ये कंटेंट्स टॉप पर आ जाते हैंं। जिम्मेदार लोग सिर्फ चिंता जता रहे हैं पर इसपर अंकुश लगाना किसी के भी बस में नहीं रह गया है। वायरल कंटेंट बनाने के चक्कर में लोग बेहूदगी की हदें पार कर रहे हैं। इसे ही कहते हैं बंदर के हाथ में उस्तरा।

#DirtyContent #DirtyReets #DirtyShorts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *