सच्ची थी महिला के खेत जोतने वाली तस्वीर, मुफ्त के पैरोकारों का मुंह काला
छत्रपति संभाजीनगर। कुछ दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें बैल के साथ “जुआ” उठाकर एक महिला खेत जोतने का प्रयास कर रही थी। जुआ उसे कहते हैं जो हल से जुड़ा एक आड़ा लकड़ी का टुकड़ा होता है जिसे बैलों के कंधों पर रखा जाता है। मुफ्त के पैरोकारों ने तत्काल इसे फर्जी बता दिया। किसी ने इसे एआई जनरेटेड कहा तो किसी ने इसे 10-20 साल पुराना वीडियो बता दिया। पर जब मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस दंपति को एक नया बैल उपलब्ध कराया गया तो मुफ्त के पैरोकारों का मुंह अपने आप बंद हो गया।

लातूर से लगभग 63 किमी दूर बोम्बली में धूल से भरे खेत में, एक भूमिहीन किसान काशीनाथ गायकवाड़ और उनकी पत्नी हौसाबाई की खेत जोतने का वीडिया वायरल हो गया था। हल को एक तरफ से बैल तो दूसरी तरफ से हौसाबाई ने उठा रखा था। दरअसल, आकाशीय बिजली के चलते उनके दूसरे बैल की मौत हो गई थी। इधर लगभग 8 एकड़ खेतों को जोतना जरूरी था। गरीब किसान के पास यही एक विकल्प था कि इंसान ही बैल की जगह ले ले।
परिवार की इस मुश्किल हालत की तस्वीरें जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने इसे तेज़ी से उठाया और सवाल किया कि एक किसान परिवार को ऐसी हालत में कैसे धकेला जा सकता है। दंपति बैलों की तरह खुद खेत जोतते नजर आए।
NCP (SP) के विधायक रोहित पवार ने इसे ‘अन्नदाता की दिल दहला देने वाली हालत’ बताया। उन्होंने कहा कि अगर देश का पेट भरने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले किसान का परिवार जानवर की जगह लेने को मजबूर हो जाए, तो यह न सिर्फ़ दुखद है, बल्कि बहुत दर्दनाक भी है। मैं स्थानीय अधिकारियों, चुने हुए प्रतिनिधियों और माननीय मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि वे इस घटना पर तुरंत ध्यान दें और एक विशेष मामले के तौर पर इस परिवार को जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं। शिवसेना (UBT) के MLC अंबादास दानवे ने भी इसी भावना को दोहराया और उस तस्वीर के पीछे की गंभीरता और मानवीय पीड़ा पर जोर दिया।
मामला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा। उन्होंने तुरंत परिवार की मुश्किल पर ध्यान दिया। लातूर के कलेक्टर भरत बास्तेवाड ने प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी के साथ मिलकर तुरंत कार्रवाई की। बुधवार को राज्य के कई विभागों के अधिकारी गायकवाड़ के घर पहुंचे और उन्हें एक नया बैल सौंपा।
#latur-woman-takes-dead-bull-place-to-plough-field












