इंसानी हथेली से भी बड़ी हो गई थी किडनी, HiTek में हुई Nephrectomy

इंसानी हथेली से भी बड़ी हो गई थी किडनी, HiTek में हुई Nephrectomy

भिलाई। हाइटेक सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल में 40 वर्षीय महिला की नष्ट हो चुकी किडनी को निकालने की सर्जरी सफलता पूर्वक कर दी गई। पेशाब की नली में रुकावट के कारण उसकी किडनी सूजकर इंसानी हथेली से भी बड़ी हो चुकी थी। किडनी ने काम करना भी बंद कर दिया था। मरीज को किसी और अस्पताल से हायर सेन्टर रिफर करते हुए हाइटेक भेजा गया था।

हाइटेक के यूरोसर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ नवीन कुमार वैष्णव ने बताया कि महिला को काफी समय से उदर और पीठ के दाएं हिस्से में दर्द था। कुछ दिन पहले से उसके लिए भोजन करना तक मुश्किल हो गया था। कुछ खाते ही उल्टी हो जाती थी। महिला की पहले किडनी स्टोन के लिए सर्जरी हो चुकी थी। उसने इस बार भी वहीं दिखाया था जहां से उसे हाइटेक रिफर कर दिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि पिछली सर्जरी के बाद उसकी दाहिनी मूत्र नली तरह पूरी तरह से सिकुड़ गई थी। इसके कारण इस नली से मूत्र विसर्जन नहीं हो पा रहा था। मरीज को खुलकर पेशाब नहीं हो रहा था। दूसरी तरफ उलटा दबाव पड़ने के कारण दाहिनी तरफ की किडनी में भयानक सूजन आ चुका था। यहां पीव भी बन रही थी। मरीज को गंभीर रक्ताल्पता हो गई थी। मरीज को राहत देने के लिए इसे निकाल दिया जाना ही एकमात्र उपाय था।

हाइटेक में मरीज को पहले रक्त चढ़ाया गया। औषधियों के सहारे मरीज को स्टेबल किया गया। इसके बाद उसकी सर्जरी कर दी गई। अत्यधिक सूजन और बड़े हो चुके आकार के कारण किडनी अपने आसपास की अन्य संरचनाओं से चिपक गई थी। इसलिए सर्जरी में काफी वक्त लगा। किडनी को आसपास की संरचनाओं से सावधानी से मुक्त करते हुए उसे निकाल दिया गया।

यह एक बड़ी सर्जरी थी जिसमें हाइटेक की पूरी सर्जिकल टीम, विशेषकर निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ नरेश देशमुख, श्री डोमन एवं श्रीमती डिगेश्वरी ने कड़ी मेहनत की तथा अपनी उपयोगिता सिद्ध की। मरीज अब काफी राहत महसूस कर रही है। जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

#Hitek_Hospital_Bhilai #Nephrectomy #Dr_Naveen_Vaishnav #Urology

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *