रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत

रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत

भिलाई। रात में एक-दो बार पेशाब के लिए उठना सामान्य हो सकता है पर यदि हर घंटे दे घंटे में लघु शंका की तलब होने लगे तो यह कई समस्याएं पैदा कर सकती हैं। इसके कारण नींद खराब हो सकती है, शरीर में पानी की कमी हो सकती है या फिर यह किसी अन्य गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती है। इसे नॉक्टूरिया कहते हैं।

आम तौर पर देर से भोजन करना, सोने से पहले ज्यादा पानी पीना, चाय, कॉफी या शराब का अधिक सेवन करना हो सकता है। इन आदतों में सुधार कर इस समस्या को खत्म किया जा सकता है। पर कई बार यह समस्या अनियंत्रित डायबिटीज, मूत्रमार्ग संक्रमण, ओवरएक्टिव ब्लैडर या प्रोस्टेट के कारण भी उत्पन्न हुई हो सकती है। ऐसे मामलों में जल्द से जल्द किसी यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए।

जब शरीर में ब्लड शुगर का स्तर अधिक हो जाता है, तो किडनी इसे पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करती है। इस प्रक्रिया में शरीर से अधिक मात्रा में पानी भी निकलता है। यदि इसके साथ ज्यादा प्यास लगना, बार-बार भूख लगना, थकान या अचानक वजन कम होना जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।

ओवरएक्टिव ब्लैडर एक ऐसी स्थिति है, जिसमें मूत्राशय जरूरत से पहले ही सिकुड़ने लगता है। इसके कारण व्यक्ति को बार-बार पेशाब जाने की तीव्र इच्छा होती है। यह समस्या बढ़ती उम्र, नसों की बीमारी, मोटापा या ब्लैडर की मांसपेशियों की कमजोरी के कारण हो सकती है।

मूत्रमार्ग का संक्रमण या यूटीआई बैक्टीरिया के कारण होता है। इसमें बार-बार पेशाब आने के साथ पेशाब करते समय जलन, दर्द, तेज गंध, धुंधला पेशाब या कभी-कभी बुखार भी हो सकता है। महिलाओं में यह समस्या पुरुषों की तुलना में अधिक देखी जाती है। समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण किडनी तक भी फैल सकता है।

किडनी ठीक से काम नहीं कर रही हो, तो पेशाब की मात्रा और समय में बदलाव आ सकता है। रात में बार-बार पेशाब आना, पैरों या टखनों में सूजन, थकान, भूख कम लगना और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं किडनी की बीमारी के संकेत हो सकती हैं।

हाई ब्लड प्रेशर के इलाज में दी जाने वाली कुछ दवाएं, खासकर डाययूरेटिक्स, शरीर से अतिरिक्त नमक और पानी को पेशाब के जरिए बाहर निकालती हैं। यदि ये दवाएं शाम या रात के समय ली जाएं, तो रात में कई बार बाथरूम जाने की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर भी किडनी को प्रभावित कर सकता है, जिससे पेशाब की आदतों में बदलाव आ सकता है।

#Nocturia #Diabetes #Hypertension #CKD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *