नक्सलवाद खात्मे की डेडलाइन करीब, शाह आज करेंगे समीक्षा
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को रायपुर पहुंचे। दो माह के भीतर छत्तीसगढ़ में यह उनका दूसरा दौरा है। शाह अपने तीन दिन के दौरे के दूसरे दिन रविवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र से जुड़े कार्यों के साथ ही नियद नेल्लानार योजना के तहत हो रहे कामों की समीक्षा भी करेंगे। नवा रायपुर में रविवार को सुबह एलडब्ल्यूई की बैठकों में राज्य पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, इंटेलिजेंस एजेंसियों और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य तय किया है। इस समय सीमा में अब लगभग 52 दिन ही शेष हैं। ऐसे में शाह की यह समीक्षा बैठक रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। गृहमंत्री एलडब्ल्यूई से जुड़े अभियानों, सुरक्षा बलों की तैनाती और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।
बैठकों में नक्सल प्रभावित इलाकों की जमीनी स्थिति, सुरक्षा ऑपरेशनों की प्रगति और बस्तर क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा होगी।बस्तर में पंडुम महोत्सव के समापन में होंगे शामिल: अपने दौरे के दौरान अमित शाह बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सामान्य स्थिति और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
#NaxalDeadline #AmitShah












