सोमवार को खुलेगी मण्डीपखोल गुफा, होंगे पाताल शिव के दर्शन

सोमवार को खुलेगी मण्डीपखोल गुफा, होंगे पाताल शिव के दर्शन

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकासखंड छुईखदान के ठाकुरटोला जमीदारी में आगामी सोमवार 27 अप्रैल को ऐतिहासिक मण्डीपखोल गुफा एक दिन के लिए खुलेगी। इस दिन पाताल शिव के दर्शन एवं पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। मण्डीपखोल गुफा देश की सबसे बड़ी तथा एशिया की दूसरी सबसे बड़ी गुफा है जिसके अंतिम छोर का आज तक पता नहीं लग पाया है।

इस साल भी नहीं मिले मंडीप खोल गुफा के भोलेनाथ के दर्शन

यह गुफा जिला मुख्यालय से 70 किमी दूरी पर है। शिवलिंग गुफा के 500 मीटर अंदर है। चट्टान हटाकर गुफा खोलने के बाद हवाई फायर किया जाता है ताकि यदि कोई पशु यहां छिपा हो तो वह निकल जाए। इसके बाद सबसे पहले जमींदार प्रवेश करते हैं और विभिन्न देवी देवताओं की पूजा करते हैं। बाहर पड़ रही भीषण गर्मी, गुफा के भीतर जाते ही शीतलता में बदल जाती है।

 

जमींदार परिवार के सदस्य बताते हैं कि गुफा के अंदर चमकीले पत्थर हैं। मीना बाजार, अजगर गुफा, चमगादड़ गुफा और श्वेत गंगा भी है। गुफा की गहराई का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। आज तक इस गुफा की छोर नहीं मिली है। लोग एक दिन इस गुफा के दर्शन करने के लिए आते हैं। लेकिन शाम होने से पहले ही उन्हें बाहर निकलना होता है।

सकरे मुख वाली इस गुफा के अंदर कई बड़े कक्ष हैं। कुछ साल पहले पुरातत्व विभाग ने इस गुफा का सर्वेक्षण किया था। जिसमें पाया गया कि यह गुफा देश की सबसे लंबी और एशिया की दूसरी सबसे लंबी गुफा है। इसके इतिहास में काफी रहस्य छिपे हुए हैं। जिन पर अभी अनुसंधान होना बाकी है।

भौगोलिक दृष्टिकोण से मण्डिप खोल गुफा मैकल पर्वत माला के खूबसूरत हिस्से में स्थित है। यहां पहुंचना सरल नहीं है, क्योंकि गुफा तक पहुंचने का कोई स्थाई रास्ता नहीं है। पैलीमेटा या ठाकुरटोला तक ही सड़क मार्ग मौजूद है। इसके बाद भक्तों को घोर जंगल से होते हुए पगडंडियों, पहाड़ों, नदी और नालों को भी पार करना पड़ता है। गुफा के पास स्थित कुंड से निकलने वाली श्वेत गंगा को श्रद्धालु रास्ते में 16 बार पार करते हैं।

बता दें कि, हर साल अक्षय तृतीया के बाद पड़ने वाले सोमवार को इस गुफा का द्वार श्रद्धालुओं के लिए महज एक दिन के लिए खोला जाता है। हजारों की संख्या में भोलेनाथ के भक्त इस दिन भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जिनकी संख्या साल दर साल बढ़ती ही जा रही है।

मण्डीपखोल गुफा खुलने के मद्देनज़र जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं। गुरूवार को जनपद पंचायत छुईखदान के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। गुफा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

स्वास्थ्य विभाग को गुफा स्थल पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित करने, आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने तथा अतिरिक्त स्वास्थ्य टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आयोजन समिति एवं ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं आबकारी विभाग को गुफा के आसपास एवं नजदीकी क्षेत्रों में मादक पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

बैठक में डीएसपी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मण्डीप खोल गुफा दर्शन आयोजन समिति के संरक्षक लाल रोहित सिंह पुलत्स्य एवं सदस्य, विभागीय अधिकारी तथा क्षेत्र के सरपंच एवं सचिव उपस्थित थे।

#Mandeepkhol_Caves_Chhuikhadan #Patal_Shiv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *