मुख्यमंत्री कन्या विवाह - अंबिकापुर में गूंजी शहनाई, 43 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

मुख्यमंत्री कन्या विवाह – अंबिकापुर में गूंजी शहनाई, 43 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

प्रदेशभर में 2188 जोड़ों का विवाह संपन्न-मंत्री नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार की महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता आज धरातल पर जीवंत रूप में दिखाई दी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत अंबिकापुर के राजमोहनी भवन में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 43 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इस गरिमामय आयोजन में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया।

राजमोहनी भवन का परिसर आज वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक गीतों से गुंजायमान रहा। पूरी रस्मों-रिवाजों के साथ वरमाला, सिंदूरदान और फेरों की प्रक्रिया संपन्न हुई। समारोह में न केवल परिजन, बल्कि बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक भी नवदम्पत्तियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की प्रत्यक्ष सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए शासन द्वारा आवश्यक घरेलू सामग्री भी भेंट की गई। आज 8 मई को प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 2188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जो राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की व्यापकता को दर्शाता है।

विदाई के समय माहौल अत्यंत भावुक रहा। परिजनों ने शासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक बोझ से मुक्त कर एक सम्मानजनक आयोजन का अवसर प्रदान किया है। मंत्री श्री अग्रवाल ने सभी जोड़ों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।

#Mukhyamantri_Kanya_Vivah #Ambikapur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *