‘पावस प्रसंग’ में शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत से साकार हुई वर्षा ऋतु की मनोहारी छटा
रायपुर। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भारतीय शास्त्रीय कला परंपरा और वर्षा ऋतु के सौंदर्य को समर्पित शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम ‘पावस प्रसंग’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने अपने नृत्य, संगीत और भावाभिव्यक्ति के माध्यम से वर्षा ऋतु के विविध रंगों, प्रकृति के उल्लास, मन के भावों और पावस से जुड़े सौंदर्यबोध को जीवंत कर दिया। शास्त्रीय कलाओं की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को वर्षा की रिमझिम फुहारों, प्रकृति की हरियाली और पावस के भावलोक का सजीव अनुभव कराया।
कार्यक्रम में राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा ने वर्षा ऋतु की विशेषताओं को अभिव्यक्त करती सुमित्रानंदन पंत की कविता का भावपूर्ण पाठ किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वर्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। प्रदेश की कृषि व्यवस्था सहित जनजीवन की अनेक गतिविधियां वर्षा पर निर्भर हैं। वर्षा प्रकृति को नवजीवन प्रदान करती है और इसके बिना हरियाली, कृषि समृद्धि तथा प्रकृति की जीवंतता की कल्पना कठिन है।
‘पावस प्रसंग’ में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावपूर्ण और आकर्षक बना दिया। सुश्री आराध्या कुमारी सिंह ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देकर पावस ऋतु के भावों को सुरों में पिरोया। सुश्री ताक्षवी गौतम ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से वर्षा ऋतु की भाव-भंगिमाओं और प्रकृति के सौंदर्य को साकार किया। वहीं तरुण शर्मा एवं साथी कलाकारों ने कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर ताल, लय, भाव और पद-संचालन का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। सुश्री आँचल पांडेय ने भी ओडिसी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पावस ऋतु के विविध भावों और रंगों को मंच पर सजीव रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कनौजे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उप संचालक उमेश मिश्रा, उदय सिंह चौहान, वरिष्ठ साहित्यकार अरविंद मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार दीपेंद्र दीवान, वरिष्ठ कलाकार रिखी क्षत्रिय एवं विजय मिश्रा सहित कला एवं साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्कृति संचालक डॉ. संजय कनौजे ने कहा कि ‘पावस प्रसंग’ छत्तीसगढ़ के कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य स्तर पर मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कला एवं संस्कृति से जुड़े कलाकारों को अपनी प्रतिभा और वर्षों की साधना को प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने तथा कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
‘पावस प्रसंग’ में शास्त्रीय गायन की मधुरता, ओडिसी की भावपूर्ण भंगिमाओं और कथक की ताल-लय ने मिलकर ऐसा वातावरण निर्मित किया, जिसमें वर्षा ऋतु केवल प्रकृति की घटना न रहकर संगीत, नृत्य, साहित्य और संवेदना का उत्सव बन गई। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को पावस के सौंदर्य से जोड़ते हुए भारतीय शास्त्रीय कला परंपरा की समृद्ध विरासत का अनुभव कराया।
#Pawas_Prasang #Classical_Dance #Classical_Singing












