शासन का सहयोग मिले न मिले विकास होगा

congress candidate for Durg Mayor, Neelu Thakurदुर्ग। कांग्रेस की तरफ से दुर्ग नगर निगम में महापौर पद की प्रत्याशी नीलू ठाकुर का दावा है कि छत्तीसगढ़ शासन का सहयोग मिले न मिले, विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि विधायक अरुण वोरा, राज्य सभा सदस्य मोतीलाल वोरा तथा सांसद ताम्रध्वज साहू के फंड से नए कार्य हाथ में लिए जाएंगे। इसके अलावा केन्द्रीय तथा राज्य मद के कार्यों को ईमानदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। श्रीमती ठाकुर कांग्रेस शासित निगम निगमों की शिकायतों पर केन्द्रित एक सवाल का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि हमने भी सुना और पढ़ा है कि कांग्रेसी महापौर के कामकाज में जबरदस्त हस्तक्षेप किया जाता है किन्तु दुर्ग में भाजपा की नहीं चलने दी जाएगी। हमारी स्थिति यहां बेहद मजबूत है और हम अपना काम निकाल ले जाने में सफल होंगे। >>>
टिकट वितरण को लेकर मचे घमासान और अब भी छन कर आ रही असंतोष की खबरों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने जीवन के बेहतरीन वर्ष इस पार्टी को दिए हैं। इसके अलावा अब बच्चों का घर बस जाने के बाद वे अपना पूरा वक्त पार्टी को देने के लिए प्रस्तुत हैं। उन्होंने कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे कालेज में जीआर रहने से लेकर महिला कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रही हैं। मध्यप्रदेश के दौर में भी वे पार्टी की पदाधिकारी रही हैं और आज भी महिला कांग्रेस में वरिष्ठ पद पर हैं। पार्टी ने उनकी निष्ठा का सम्मान किया है और काम के जज्बे को तरजीह दी है। सभी वरिष्ठजनों का सहयोग उन्हें हासिल है। उन्होंने कहा कि पार्टी में और भी वरिष्ठजन हैं। जब उम्मीद टूटती है तो तकलीफ तो होती है किन्तु इसका कोई और अर्थ नहीं निकालना चाहिए। कांग्रेस अब पूरी मजबूती से एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है। सभी मिलकर काम करेंगे और इस बार जीत कांग्रेस की ही होगी।
सिर्फ पैसों की बर्बादी हुई
श्रीमती ठाकुर ने निगम में भाजपा के शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के अलग राज्य बनने के बाद अरबों रुपए आए। पैसा पानी की तरह बहा किन्तु काम के नाम पर सिर्फ दिखावा हुआ है। शहर में सौन्दर्यीकरण और विकास के जितने भी काम हुए थे उनकी हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें भ्रष्टाचार किस स्तर तक हुआ है। भाजपा ने दुर्ग नगर निगम के अपने 15 साल के कार्यकाल में सिर्फ पैसे बर्बाद किए हैं। कांग्रेस इस स्थिति को बदलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *