भिलाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शशिमोहन सिंह ने कहा है कि आंतरिक सुरक्षा में जुटी पुलिस की शहादत का आंकड़ा सीमा की सुरक्षा कर रहे सैनिकों से भी बड़ा है। यदि थ्रिल चाहिए तो आर्मी ज्वाइन करें। इसके लिए नशे का सहारा न लें। अच्छा भविष्य चाहते हैं तो टाइम मैनेजमेंट सीखें। श्री सिंह यहां श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में विविधा द्वारा आयोजित महिला सुरक्षा कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा किपुलिस को लेकर कुछ भ्रांतिया हैं। पुलिस हमेशा समाज के साथ है। यदि पुलिस चालान के लिए रोकती है तो हमें उसे सहयोग करना चाहिए। यदि आप अपने वाहन पर नम्बर सही ढंग से नहीं लिखवाते है इसका अर्थ है कि आपके मन में कानून के प्रति सम्मान नहीं है।












