महाराष्ट्र को प्लास्टिक फ्री स्टेट बनाने की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। महाराष्ट्र में अगले साल मार्च से पीने के पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इसकी शुरुआत पर्यावरण मंत्रालय से की जाएगी, ताकि अन्य जगहों जैसे सभी सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, महाविद्यालयों में बतौर मिसाल पेश किया जा सके। पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने यह जानकारी दी। उन्होंने गुरुवार को मंत्रालय में प्लास्टिक बोतलों पर पाबंदी की तैयारी को लेकर विभिन्न मनपा आयुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। महाराष्ट्र प्लास्टिक फ्री स्टेट बनने वाला छठवां राज्य होगा।












