कुम्हारी। यदि हाथों को भोजन से पहले अच्छे से धोया जाए तो आधी बीमारियों से मुक्ति मिल जाती है। रोग मुक्त रहने का इससे अच्छा कोई तरीका नहीं है। लाइफ स्टाइल में सुधार लाकर भी हम बीमारियों से बच सकते हैं या उन्हें नियंत्रण में रख सकते हैं। यह कहना था स्पर्श मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ जय तिवारी का। डॉ तिवारी नेशनल पावर ग्रिड के कुम्हारी स्थित मुख्यालय में कार्मिकों एवं ठेकाश्रमिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हम दिन भर अपने हाथों से कई प्रकार का काम लेते हैं। इससे हमारे हाथ गंदे हो जाते हैं। जब इन्हीं हाथों से हम भोजन करते हैं तो वह गंदगी हमारे शरीर में चली जाती है और वह रोगी हो जाता है। हाथों को अच्छे से धोने के बाद भोजन किया जाए तो हम इन रोगों से बच सकते हैं।












