भिलाई। महाविद्यालय में बिताए गए तीन वर्ष आपके भावी जीवन की रूपरेखा भी तय करते हैं। इसलिए नियमित रूप से शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर गतिविधियों में शामिल हों ताकि आपके व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास हो सके। स्वयं को इतना निखारें कि जब आप संस्थान से विदा लें तो हम आपकी कमी महसूस करें। उक्त बातें एमजे कालेज की डायरेक्टर श्रीमती श्रीलेखा विरुलकर ने आज फ्रेशर्स पार्टी में व्यक्त किये। श्रीमती विरुलकर ने कहा कि फ्रेशर्स पार्टी में जब हम अपने सीनियर स्टूडेन्ट्स को पूर्ण विकसित नौजवान के रूप में देखते हैं तो हमें खुशी भी होती है और यह चिंता भी कि इनके संस्थान छोड़ने के बाद क्या होगा। पर प्रत्येक वर्ष इन विद्यार्थियों की जगह दूसरे विद्यार्थी ले लेते हैं। ठीक उसी तरह जैसे एक मौसम की जगह दूसरा मौसम आता है और बहारें भी समय के साथ बदल जाती हैं। सबकी अपनी महक है।












