भिलाई। स्पर्श मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल ने ग्राम कान्हाकोट में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के तरीके बताने के साथ ही मधुमेह के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में सौ ग्रामीणों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। साथ ही शिविर में आए लोगों को मुफ्त ओपीडी टिकट्स भी वितरित किए गए। स्पर्श के चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय गोयल ने शिविरार्थियों को कोरोना वायरस के विषय में बताया। उन्होंने लोगों को संक्रमण से सुरक्षित रहने के विभिन्न उपायों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि बीमारियों से बचाव करना बीमारियों का इलाज कराने से बेहतर होता है।












