आस्था वृद्ध आश्रम ने 9 बुजुर्गों का एम्स में करवाया ऑपरेशन, चलने-फिरने लगे

आस्था वृद्ध आश्रम ने 9 बुजुर्गों का एम्स में करवाया ऑपरेशन, चलने-फिरने लगे

भिलाई। आस्था वृद्ध आश्रम, सेक्टर-2, भिलाई नगर द्वारा बुजुर्गों की सेवा का कार्य लगातार जारी है। संस्था के प्रयासों से अब तक एम्स रायपुर में 9 वृद्धजनों के जटिल ऑपरेशन सफल हो चुके हैं। एम्स रायपुर में अभी तक चार पुरुष और चार माताओं के ऑपरेशन सफल हो चुके हैं। ये सभी बुजुर्ग अब चलने-फिरने लगे हैं। लगभग 2 साल पहले ऑपरेशन कराने वाली दो माताओं का बाद में स्वाभाविक देहांत हो गया। इस प्रकार संस्था के माध्यम से कुल 9 वृद्धजनों को नया जीवन मिला।

संस्था के संचालक प्रकाश गेडाम ने बताया कि हाल ही में आश्रम की 82 वर्षीय एक माताजी, जो मोतियाबिंद, लकवा और कमर-पैर की हड्डी टूटने से पीड़ित थीं, उनका एम्स रायपुर में सफल ऑपरेशन हुआ। एक आंख का ऑपरेशन पहले सेक्टर-9 अस्पताल में कराया गया था। एम्स के डॉ. अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, डॉ. सकरकर एवं संपूर्ण डिपार्टमेंटल टीम के प्रयास से ऑपरेशन पूर्णतः सफल रहा। चिकित्सकों के अनुसार माताजी लगभग दो माह बाद चलने लगेंगी।
गेडाम ने कहा, “इन सभी सफल ऑपरेशनों के लिए हम एम्स रायपुर के सभी डॉक्टरों और स्टाफ का हृदय से धन्यवाद करते हैं। इनके सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। ईश्वर से कामना है कि वर्तमान में भर्ती माताजी भी शीघ्र पूर्ण स्वस्थ हों।”
उल्लेखनीय है कि आस्था संस्था पिछले 20 वर्षों से वृद्धजनों की सेवा कर रही है। संस्था द्वारा लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कराने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के रिसर्च हेतु देहदान के लिए लोगों को प्रेरित करने का कार्य भी किया जा रहा है।
गेडाम ने इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं और शुभचिंतकों का भी आभार व्यक्त किया।

#Aastha_Vriddha_Ashram_Bhilai #AIIMS_Raipur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *