उद्योग मंत्री देवांगन ने कोरबा में किया राइफल शूटिंग रेंज का शुभारंभ
रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने शानिवार को कोरबा रायफल शूटिंग रेंज का उद्धाटन किया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि यह बदलते कोरबा – संवरते कोरबा की एक और निशानी है, एक और प्रमाण है। यहॉं के युवाओं, बच्चों व शूटिंग प्रेमियों को रायफल शूटिंग रेंज की यह बड़ी सौगात देने के लिये उन्होंने महापौर संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व सभापति नूतन सिंह ठाकुर को बधाई एवं साधुवाद दिया।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा टीपीनगर स्थित प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम के पीछे कोरबा रायफल शूटिंग रेंज की स्थापना की गई है। निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी के सचिव हैं। उन्होंने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को इसका प्रस्ताव दिया था। प्रस्ताव पर महापौर संजूदेवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सहर्ष सहमति दी तथा रायफल शूटिंग रेंज की स्थापना की।
श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खेलों के विकास व खेल सुविधायें बढ़ाने के लिये विशेष रूचि ले रहे हैं तथा हमारा देश खेलों के क्षेत्र में नित नई उपलब्धियॉं अर्जित कर रहा है, उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय ने मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक में जनजातीय बालक एवं बालिका क्रीड़ा परिषद के निर्माण हेतु 10-10 करोड़ रूपये की स्वीकृत दी है।
उन्होंने बताया कि जब वे महापौर थे तो हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा स्थापित की थी। उस चौक का नाम मेजर ध्यानचंद चौक किया गया था। स्टेडियम के समीप स्वीमिंग पूल, ओपन थियेटर घंटाघर मैदान को संरक्षित किया गया। कोरबा रायफल शूटिंग रेंज से खिलाड़ियों को एक बड़ी सुविधा मिल चुकी है। कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी को शूटिंग रेंज के विकास के लिये, यहॉं पर आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता के लिये, जो भी आवश्यक होगा वह सहयोग निश्चित रूप से दिया जायेगा।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा में खेल सुविधाओं की वृद्धि हेतु निगम ने उल्लेखनीय कार्य किये हैं, कोरबा रायफल शूटिंग रेंज के विकास हेतु एवं यहॉं पर बेहतर व अत्याधुनिक सुविधायें मुहैया कराने के लिये जो भी प्रस्ताव सामने लाया जायेगा, उस पर निश्चित रूप से काम होगा।
इस अवसर पर सभापति एवं कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी के सचिव नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरबा में खेलों के विकास एवं खेल सुविधायें मुहैया कराने में नगर पालिक निगम कोरबा की सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
टी.पी.नगर स्थित इंदिरा प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम के पीछे जिस स्थल पर शूटिंग रेंज स्थापित किया गया, वह स्थान बर्षो से उपेक्षित पड़ा था, कचरे का ढेर लगा था। निगम आयुक्त के प्रयास से आज सुव्यवस्थित रायफल शूटिंग रेंज के रूप में सुसज्जित हो चुका है। स्टेडियम के पीछे कबाड़ से भरा हाल कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी व इंडोर शूटिंग रेंज में तब्दील हो चुका है।
उत्कृष्ट खिलाडि़यों का हुआ सम्मान
इस मौके पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन, महापौर श्रीमती राजपूत व अन्य अतिथियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों का सम्मान किया। रायफल शूटिंग में श्रुति यादव, यामिनी बोर्डे, पीयूष सिंह, अजीत आनंद, आकाश सराफ व कोच नीरज निखिल, बास्केट बाल में आयुष्मान तनोजिया, कृष्णा कुशवाहा, फुटबाल में यामिनी प्रजापति, अभिषेक साव, व्हालीबाल में नंदा सिंह, हर्षू श्रीवास्तव, स्वीमिंग में पीयूष चन्द्रा, साराह ग्रेब्रियल, बॉक्सिंग जूनियर में अर्पित दुबे, गुलशन बोरकर, गौरी कर्ष, एच.डी.राय, इश्हाक कुजूर, विभा मिश्रा, बॉक्सिंग सीनियर में राजेश्वरी लहरे, अनय अग्रवाल, पूजा मिश्रा, हर्ष यादव, रोनिश कुुजूर आदि खिलाडी सम्मानित हुये।
#Korba_Rifle_Shooting_Range












