दो भाइयों की एक पत्नी, बेटी हुई तो सोशल मीडिया पर बांटी खुशियां
सिरमौर। हिमाचल के सिरमौर जिले में रहने वाले दो सगे भाइयों कपिल और प्रदीप नेगी ने पिछले साल सुनीता नाम की युवती से शादी की थी। सुनीता ने हाल ही में बेटी को जन्म दिया है। दोनों भाइयों ने इसकी जानकारी अपने फेसबुक पेज पर साझा की थी। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें जमकर बधाइयां दी। दोनों ने अपने फेसबुक पर एक और पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम युवन्या रखा है।
नवभारत टाइम्स के अनुसार सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें नामकरण की बधाई के साथ ही अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। किसी ने नाम को बहुत अच्छा तो किसी ने उसे कठिन बताया। कुछ लोगों ने कुछ और नाम भी सुझाए। बहरहाल ज्यादा से ज्यादा लोग उन्हें सिर्फ बधाइयां दे रहे हैं।
दोनों भाइयों ने फेसबुक पर लिखा था कि आज का दिन हमारी जिंदगी का सबसे खूबसूरत और यादगार दिन बन गया है। आज हमारी छोटी सी तिकड़ी में एक नन्हा सा मेहमान आया है। इस नन्हे से मेहमान के आने से हमारे घर ही नहीं बल्कि हमारे दिलों को भी खुशियों से भर दिया है। देवी-देवताओं और बड़े बुजुर्गों के आशीर्वाद से आज हम माता-पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त कर पाए हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि ये एहसास शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। क्योंकि आज से हमारी दुनिया ही बदल गई है। अब तक जो जिंदगी हम सिर्फ अपने लिए जी रहे थे, आज से वो एक नई जिम्मेदारी, नए सपनों और नई खुशियों के साथ आगे बढ़ेगी। इस नन्हे से फरिश्ते के आने से हमारा घर हंसी, प्यार और खुशियों से भर गया है।
#Two-Brothers-Share-Wife












