नहीं रहे बीकाजी भुजिया के संस्थापक भामाशाह शिवरतन अग्रवाल
बीकानेर। बीकानेर के स्वाद को सात समंदर पार तक पहुंचने वाले ‘बीकाजी’ के संस्थापक और सीएमडी शिवरतन अग्रवाल का 74 साल की उमे में गुरुवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न केवल उद्योग जगत, बल्कि पूरे बीकानेर में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्हें बीकानेर में प्यार से ‘फन्ना बाबू’ के नाम से जाना जाता था।
वे अपनी पत्नी के हार्ट बायपास ऑपरेशन के सिलसिले में पिछले 10 दिनों से चेन्नई में थे। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
शिवरतन अग्रवाल की सफलता की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। उन्होंने साबित किया कि बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए बड़ी डिग्रियां नहीं, बल्कि ‘बड़ा विजन’ जरूरी है। शिवरतन अग्रवाल ने केवल 8वीं तक पढ़ाई की थी, लेकिन उनकी व्यापारिक समझ असाधारण थी।
1986 में पारिवारिक व्यवसाय ‘हल्दीराम’ के बंटवारे के बाद, शिवरतन अग्रवाल ने खुद की अलग पहचान बनाने की ठानी। उन्होंने ‘शिवदीप फूड्स प्रोडक्ट्स’ की शुरुआत की। वे अपने ब्रांड को बीकानेर की मिट्टी से जोड़ना चाहते थे। इसलिए उन्होंने बीकानेर के संस्थापक राव बीका के नाम पर अपने ब्रांड का नाम ‘बीकाजी’ रखा, जो आज घर-घर में पहचाना जाता है।
एक दौर था जब भुजिया केवल हाथों से बनाई जाती थी। शिवरतन अग्रवाल ने विदेशों की यात्रा की और यह सोचा कि क्या इस भारतीय स्नैक को मशीनों से बनाया जा सकता है? उन्होंने देश में मशीन से भुजिया बनाने का पहला सेटअप लगाया। बीकाजी भारत का पहला ऐसा ब्रांड बना जिसने मेकिंग से लेकर पैकिंग तक का काम मशीनों से शुरू किया, जिससे इसकी शुद्धता और स्वाद अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन उनके प्रॉडक्ट के ब्रांड अम्बेसेडर बन गए।
सामाजिक योगदान: बीकानेर के ‘बड़े भामाशाह
शिवरतन अग्रवाल केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि बीकानेर के सबसे उदार भामाशाहों में से एक थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के लिए हमेशा अपने खजाने खुले रखे। बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि समाजसेवा और बीकानेर को विश्व पटल पर ख्याति दिलवाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। इसी के साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी अग्रवाल के निधन पर संवेदना जताई।
#Bikaji_Bhujiya #Shivratan_Agrawal












