प्रायमरी की छात्राओं की हो रही थी शादी, सहपाठी ने कर दिया फोन

प्रायमरी की छात्राओं की हो रही थी शादी, सहपाठी ने कर दिया फोन

बूंदी। 8 साल के एक प्रायमरी स्टूडेंट ने चाइल्ड लाइन को 1098 पर फोन घुमा दिया। उसकी बातें सुनकर ऑपरेटर के होश उड़ गए। उसने बताया कि उसकी क्लासमेट की शादी तय हो गई है और जबरदस्ती उसके घर वाले उसकी शादी करवा रहे हैं। उसने फोन पर ही दरख्वास्त की कि किसी भी तरह उसकी सहपाठी की शादी रुकवाई जाए। वह आगे पढ़ना चाहती है। घटना अक्षय तृतीया की रात की है।

बूंदी जिले में एक आठ वर्षीय बच्चे की सतर्कता से बाल विवाह टल गया। वह पांचवी का छात्र है। उसने चाइल्डलाइन 1098 पर कॉल करके इस शादी की सूचना दे दी। इस घटना ने समाज में जागरूकता और साहस का मजबूत संदेश  भी दिया है।
बताया गया कि बच्चे ने चाइल्डलाइन अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा “भैया/दीदी मेरी दोस्त की शादी रोक दीजिए। वह बहुत छोटी है, हम साथ पढ़ते और खेलते हैं। वह शादी नहीं करना चाहती, बल्कि आगे पढ़ाई करना चाहती है।”
बच्चे की सूचना मिलते ही जिला चाइल्डलाइन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आठ वर्षीय बच्ची की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान वहां एक और 16 वर्षीय किशोरी की शादी की तैयारी भी सामने आई। पुलिस और प्रशासन की मदद से दोनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया। समिति ने दोनों को अस्थायी रूप से शेल्टर होम भेजने के निर्देश दिए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रखा जा सके।

भारत में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 (PCMA) के तहत बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद राजस्थान के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में अक्षय तृतीया (आखा तीज) जैसे अवसरों पर अभी भी बाल विवाह के मामले सामने आते रहते हैं, जिन्हें रोकने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।

जिला प्रशासन ने बाल विवाह की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय किया है। जिला मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए गए हैं। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को संदिग्ध मामलों की तुरंत सूचना देने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। हाल ही में न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कई मामलों में रोक लगाने के आदेश जारी किए गए, जिससे समय रहते नाबालिग लड़कियों की शादी रोकी जा सकी।

बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने बच्चे के इस साहसिक कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह घटना जागरूकता अभियानों की सफलता का उदाहरण है। बच्चे की समझदारी और सही समय पर उठाए गए कदम ने न केवल उसकी सहपाठी का भविष्य सुरक्षित किया, बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक संदेश दिया है कि जागरूकता से बड़ी कुरीतियों को रोका जा सकता है।

#Class-5_Student_Saves_Classmate_From_Child_Marriage

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *