बधिरों की टी-20 चैम्पियन्स ट्रॉफी में भिलाई के सिद्धार्थ श्रीवास्तव का चयन
भिलाई। 26 से 29 मई तक इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में दिल्ली में बधिरों के लिए आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित टी-20 चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए दुर्ग-भिलाई के क्रिकेटर सिद्धार्थ श्रीवास्तव का चयन हुआ है। वे इंडिया-डी टीम का हिस्सा होंगे। सिद्धार्थ ने इससे पहले अपनी टीम की कप्तानी भी की है। टीम में डोंगरगांव के योगेन्द्र देवांगन भी शामिल हैं।

इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) टी-20 चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत के चार टीमों के बीच मुकाबला होगा। इन टीमों को इंडिया-ए, इंडिया-बी, इंडिया-सी और इंडिया-डी टीमों में में बांटा गया है।
भिलाई के मॉडल टाउन निवासी सिद्धार्थ एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता संजय श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में सेवारत हैं। सिद्धार्थ अपनी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। राष्ट्रीय मंच पर खेलने का यह उनका पहला मौका है। इस उपलब्धि पर समाज के स्वजनों एवं आत्मीयजनों ने उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी हैं।
योगेन्द्र देवांगन इंडिया-सी टीम की ओर से खेलेंगे। इस टीम में मुंबई, कर्नाटक, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, उड़ीसा, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडू, केरला के खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं छत्तीसगढ़ से इंडिया-सी टीम के लिए योगेन्द्र देवांगन चयनित हुए हैं।
#Deaf_Cricket_T20 #Siddharth_Shrivastava












