जशपुर के सरडीह पंचायत को मिला स्वच्छ एवं हरित ग्राम का राष्ट्रीय पुरस्कार

जशपुर के सरडीह पंचायत को मिला स्वच्छ एवं हरित ग्राम का राष्ट्रीय पुरस्कार

25 लाख रुपये का पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार मिला

रायपुर। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड की ग्राम पंचायत सरडीह ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार के अंतर्गत सरडीह पंचायत को थीम-5 “स्वच्छ एवं हरियाली ग्राम” श्रेणी में संयुक्त रूप से देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में 03 जून को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में ग्राम पंचायत सरडीह के सरपंच  रामजी राम भगत एवं सचिव ईश्वर प्रसाद यादव ने यह सम्मान ग्रहण किया। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री एवं मत्स्य पालन, पशुपालन तथा डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, उप संचालक पंचायत कुसुम बड़ा, जनपद पंचायत बगीचा की अध्यक्ष गायत्री नागेश तथा एडीपीएम नवनीत कुमार साहू भी उपस्थित रहे।

सरडीह में 109 घरों में सौर ऊर्जा आधारित पंप लगाए गए हैं, जिससे सिंचाई और घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है। किसान टमाटर, मिर्च, खीरा सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों की खेती कर आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठा रहे हैं। इससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में पंचायत द्वारा स्थापित 12 सोलर स्ट्रीट लाइटें भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

समारोह के दौरान पंचायती राज मंत्रालय द्वारा प्रकाशित विशेष पुस्तक “राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025” का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक में सरडीह पंचायत के स्वच्छता, जल संरक्षण, हरित विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े नवाचारों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों को पुस्तक की प्रति भी प्रदान की गई।

ग्राम पंचायत सरडीह को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छताग्रहियों और प्रशासनिक अमले के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल जशपुर जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है तथा स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है।

#National_Panchayat_Award

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *