भोजन के तुरंत बाद 10 से 15 मिनट तक टहलना हो सकता है फायदेमंद
लोगों को इतना तो पता ही है कि टहलना, तेज चलना या कसरत करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। पर अधिकांश लोग इस बात को लेकर दुविधा में रहते हैं कि क्या भोजन के तुरंत बाद भी टहला जा सकता है। यदि हां तो कितनी देर और कितनी तेज। दुनिया भर के डाक्टरों का मानना है कि भोजन के तुरंत बाद दो से तीन बार 10-10 मिनट के लिए टहलना अच्छा होता है। (Display pic iStock)

अध्ययनों के अनुसार, भोजन के 30 मिनट के भीतर 10 से 15 मिनट की हल्की सैर करना फायदेमंद हो सकता है। यह भोजन के बाद ब्लड शुगर को कंट्रोल करने, मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर बनाने, पाचन क्रिया को सहायता देने और वजन को कंट्रोल करने में मदद करता है। हालांकि, भोजन के तुरंत बाद ज्यादा कसरत करना, तेज़ चलना या जॉगिंग करने से बचना चाहिए। भोजन के बाद केवल टहला जा सकता है।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसन में प्रकाशित शोध में कहा गया है कि भोजन करने के बाद कुछ मिनटों के अंदर आपको सैर शुरू कर देनी चाहिए। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है। दरअसल, खाना खाने के 30-60 मिनट बाद ब्लड शुगर हाई रहता है। यदि आप खाना खाने के तुरंत बाद चलना शुरू करते हैं तो शरीर में मौजूद ग्लूकोज का इस्तेमाल आपकी मांसपेशियां करने लगती हैं। इससे ग्लूकोज का एक हिस्सा खर्च हो जाता है।
रिसर्च में कहा गया है कि खाने के बाद टहलने से शरीर में सूजन और दिल की बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। नियमित रूप से कसरत करने से ब्लड प्रेशर और LDL (खराब कोलेस्ट्रॉल) कम हो सकता है। स्ट्रोक या हार्ट अटैक का खतरा भी कम हो जाता है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (AHA) सलाह देता है कि खाना खाने के बाद रोज़ाना 10-10 मिनट की तीन बार वॉक हार्ट की हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद है। मेडिसिन विशेषज्ञों का मानना है कि खाने के बाद टहलने का कोई नुकसान नहीं है। बस इतना ध्यान रखें कि यदि बहुत अधिक भोजन कर लिया हो तो टहलने से बचें। ज्यादा भोजन करके टहलने से आपको एसिड रिफ्लक्स ( खाना पेट से ऊपर की ओर आना) जैसी समस्या हो सकती है।
#Walking_After_Meals #Acid_Reflux #Blood_Sugar












