रिमझिम फुहारों के बीच मूंग मंगाड़ों की बात ही कुछ और होती है
मौसम बदल रहा है। शाम होते ही बदरा घिरने लगे हैं और घर की बाल्कनी में बैठकर रिमझिम फुहारों का आनंद लेते हुए बरबस ही मुंगोड़ों और पकौड़ों की तलब होने लगती है। साथ में गर्मागर्म चाय हो तो बात ही क्या है। पर बाहर जाए तो जाए कौन? ऐसे में घर पर मुंगोड़े तैयार करना अच्छा होता है। बस थोड़ी सी तैयारी करनी होती है। मूंग मंगोड़े स्वाद और सेहत दोनों का शानदार मेल माने जाते हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम ये मंगोड़े हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं।
आपको क्या चाहिए – 1 कप धुली मूंग दाल, 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 1 छोटा चम्मच अदरक बारीक कटा हुआ,
1 छोटा चम्मच जीरा, 1 चुटकी हींग, 2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ, स्वादानुसार नमक,
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, तलने के लिए तेल
विधि – मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। दाल अच्छी तरह फूल जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। इसके बाद दाल को मिक्सर में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न
पीसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें और उसमें हरी मिर्च, अदरक, जीरा, हींग, लाल मिर्च पाउडर, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब मिश्रण को 4-5 मिनट तक एक ही दिशा में फेंटें। इससे घोल में हल्कापन आएगा और मंगोड़े अधिक फूले हुए बनेंगे। एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। जब तेल मध्यम गर्म हो जाए, तब हाथ या चम्मच की मदद से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में घोल लेकर तेल में डालें। मंगोड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। बीच-बीच में उन्हें पलटते रहें ताकि वे सभी तरफ से समान रूप से पक जाएं। इसे टिश्यू पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या गर्म चाय के साथ परोसें। चाहें तो ऊपर से चाट मसाला छिड़ककर भी इनका स्वाद बढ़ाया जा सकता है।

#Mung_Mangode #Desi_Recipe












