आलू-पनीर का लजीज भरवां शिमला मिर्च, देखते ही मुंह में आ जाएगा पानी

आलू-पनीर का लजीज भरवां शिमला मिर्च, देखते ही मुंह में आ जाएगा पानी

शिमला मिर्च का आमतौर पर चाउमीन, पिज्जा, पुलाव और सैंडविच में इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि अगर आप इससे कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो भरवां शिमला मिर्च एक अच्छा विकल्प हो सकती है। आलू और पनीर की मसालेदार स्टफिंग से तैयार होने वाली यह डिश लाजवाब होती है। यह रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ अच्छी लगती है।

आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि –

सामग्री
शिमला मिर्च- 250 ग्राम
आलू (मध्यम)- दो
पनीर- 100 ग्राम
प्याज- एक
अजवाइन- 1/2 चम्मच
हल्दी- 1/4 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट- तीन चम्मच
धनिया पाउडर- एक चम्मच
जीरा- एक चम्मच
गरम मसाला पाउडर- एक चम्मच
अमचूर पाउडर- आधा चम्मच
नमक- स्वादानुसार

बनाने का तरीका
शिमला मिर्च को धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें। इसके बाद प्याज, अदरक और लहसुन का पेस्ट तैयार कर लें। साथ ही पनीर को कद्दूकस कर लें। दो आलू उबालें और छिलके निकालकर उन्हें मसल दें। कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें जीरा तथा अजवाइन भूनें। फिर प्याज, अदरक और लहसुन का पेस्ट उसमें डाल दें। साथ ही गरम मसाला पाउडर और हल्दी भी मिला दें। मसालों की खुशबू आने तक धीमी आंच पर भूनें। इसके बाद कद्दूकस किए गए पनीर तथा आलू इसमें डालें और फिर धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर डालकर इसे अच्छी तरह से मिलाएं।

इसे धीमी आंच पर दो-तीन मिनट तक पकाएं और आंच बंद कर दें। इसके बाद शिमला मिर्च के ऊपरी भाग को काटकर उसमें से बीज निकाल दें। अब एक-एक करके उनमें आलू और पनीर का मिश्रण भरें और कटे हुए हिस्से को उनके ऊपर रख दें। फिर कड़ाही में थोड़ा-सा तेल गरम करें और भरी हुई शिमला मिर्च डालकर, ढक्कन रखकर करीब 12-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। अब शिमला मिर्च के ऊपरी हिस्से को हटाकर उस पर कद्दूकस किया हुआ पनीर बिखेर दें और चपाती, ब्रेड या नान के साथ परोसें।

#stuffed_capsicum #healthy_recipe

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *