भारत में 4 से 60 साल तक के लोग लगवा सकेंगे डेंगू वैक्सीन QDENGA

भारत में 4 से 60 साल तक के लोग लगवा सकेंगे डेंगू वैक्सीन QDENGA

नई दिल्ली। भारत में पहली बार डेंगू से बचाव के लिए एक वैक्सीन को मंजूरी मिल गई है। इस वैक्सीन का नाम QDENGA (क्यूडेंगा) है, जिसे जापान की फार्मा कंपनी Takeda ने तैयार किया है। भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल (DCGI) ने इसे 4 से 60 साल की उम्र के लोगों के लिए मंजूरी दी है।

QDENGA की खासियत ये है कि इसे लगवाने से पहले ये टेस्ट कराने की जरूरत नहीं होगी कि व्यक्ति को पहले कभी डेंगू हुआ है या नहीं। यानी ये वैक्सीन किसी को भी लगाई जा सकती है। इसकी कुल दो डोज लगेंगी। दोनों डोज के बीच 3 महीने का अंतर होगा। ये वैक्सीन स्किन के नीचे लगाई जाएगी।

अनुमान है कि दुनिया के कुल डेंगू मामलों का लगभग एक-तिहाई बोझ भारत पर है। पिछले 20 साल में भारत में डेंगू के रिपोर्ट किए गए मामलों में करीब 11 गुना बढ़ोतरी हुई है। साल 2025 में देश में 1.13 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए थे। असली संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।

डेंगू वायरस के चार अलग-अलग प्रकार होते हैं। QDENGA को इस तरह से बनाया गया है कि ये इन चारों प्रकारों के खिलाफ सुरक्षा देने में मदद करे। कंपनी के मुताबिक, इस वैक्सीन की अब तक 28,000 से अधिक लोगों पर टेस्टिंग की जा चुकी है। क्लीनिकल ट्रायल में दूसरी डोज लेने के 12 महीने बाद ये डेंगू से बचाव में 80.2% असरदार पाई गई है।

वहीं, डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को 90.4% तक कम करने में भी ये सफल रही। स्टडी के अनुसार, 4.5 साल बाद भी ये डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती होने से बचाव में 84.1% असरदार रही, जबकि 7 साल तक इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता बरकरार रहने के प्रमाण मिले हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही QDENGA की सिफारिश कर चुका है। WHO का कहना है कि जिन देशों में डेंगू का खतरा ज्यादा है, वहां इस वैक्सीन को पब्लिक वैक्सिनेशन प्रोग्राम में शामिल किया जा सकता है। इस वैक्सीन को WHO की प्रीक्वालिफिकेशन भी मिल चुकी है।

#Dengue_vaccine

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *