कुछ खास लोगों की तरफ क्यों इस तरह खिंचे चले आते हैं मच्छर

कुछ खास लोगों की तरफ क्यों इस तरह खिंचे चले आते हैं मच्छर

एक ही स्थान पर बैठे अलग अलग लोगों के प्रति मच्छरों का आकर्षण अलग अलग होता है। कुछ लोगों को मच्छर घेर कर काटने लगते हैं तो कुछ लोगों से वो दूर ही रहते हैं। अक्सर लोग मजाक में कहते हैं कि जिनका खून मीठा होता है, मच्छर उनसे ज्यादा प्यार करते हैं और उन्हें काटकर अपने प्रेम का प्रदर्शन करते हैं। वैज्ञानिकों ने इस सवाल का जवाब ढूंढने की कोशिश की है।

शोध बताते हैं कि मच्छर लगभग 10 मीटर की दूरी से ही अपने शिकार को पहचान सकते हैं। इंसान की सांस में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड उनकी उपस्थिति बता देती है। मच्छर सिर्फ़ इंसानों की ओर ही आकर्षित नहीं होते, बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड के अन्य स्रोतों की ओर भी खिंचे चले आते हैं।

मच्छर किसी शरीर की गर्मी और नमी को भी पहचान लेते हैं। जो लोग व्यायाम या कसरत करते हैं, वे भी मच्छरों को ज़्यादा आकर्षित करते हैं, ख़ासकर कसरत करते समय या उसके तुरंत बाद। कसरत के दौरान तथा कुछ देर बाद तक मेटाबॉलिज्म और सांस की गति बढ़ जाती है। भारी शरीर वाले लोग भी मच्छरों को ज़्यादा आकर्षित कर सकते हैं।

इसी वजह से गर्भवती महिलाओं को अन्य महिलाओं की तुलना में लगभग दोगुना अधिक मच्छर काट सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान शरीर का मेटाबॉलिज्म और सांस लेने की गति बढ़ जाती है। इससे शरीर ज़्यादा गर्मी पैदा करता है और अधिक कार्बन डाइऑक्साइड बाहर छोड़ता है।

मच्छर किसे काटेंगे, यह काफी हद तक उस व्यक्ति के शरीर की गंध पर निर्भर करता है। हमारी त्वचा पर रहने वाले सूक्ष्म जीव (माइक्रोऑर्गेनिज़्म) कार्बोहाइड्रेट, फैटी एसिड और पेप्टाइड जैसे पदार्थों को तोड़कर वाष्पशील जैविक यौगिक (वोलेटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड्स) बनाते हैं।

एक शोध में पाया गया कि जिन लोगों की ओर मलेरिया फैलाने वाले मच्छर अधिक आकर्षित होते थे, उनकी त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया की संरचना दूसरों से अलग थी। उनकी त्वचा पर बैक्टीरिया की संख्या अधिक थी, लेकिन उनकी प्रजातियों (किस्मों) की विविधता कम थी। अगर त्वचा पर बैक्टीरिया न हों, तो इंसान के पसीने में लगभग कोई गंध नहीं होगी।

एक व्यापक आनुवंशिक अध्ययन में पाया गया कि हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम से संबंधित जीन इस बात से गहराई से जुड़े होते हैं कि मच्छर के काटने पर हमारा शरीर कैसी प्रतिक्रिया देगा। कुछ लोगों में मच्छर के काटने के बाद त्वचा पर ज़्यादा सूजन और बड़े निशान बनने की संभावना होती है। असल में उनका शरीर मच्छर के काटने पर अधिक प्रतिक्रिया दे रहा होता है, जबकि कुछ लोगों को मच्छर काटते तो हैं, लेकिन उनके शरीर पर उसका असर बहुत कम दिखाई देता है।

#Mosquito_Bite

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *