श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में “संकट में मन की मजबूती” पर व्याख्यान
भिलाई। श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में ब्रह्माकुमारीज़ के इको केयर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट अभियान के अंतर्गत “संकट में मन की मजबूती – आत्महत्या नहीं, आत्मशक्ति का चयन” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता बी.के. ओंकार चंद शर्मा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मानसिक तनाव, चुनौतियों एवं विपरीत परिस्थितियों का सकारात्मक सोच, आत्मबल एवं आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “संकट क्षणिक होता है, जबकि जीवन अनमोल है। आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि आत्मशक्ति एवं सकारात्मक दृष्टिकोण ही जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं।”
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्मबल का विकास अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देते हैं।”
डीन अकादमिक डॉ. जे. दुर्गा प्रसाद राव ने अपने संदेश में कहा कि “उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त एवं जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने योग्य बनाना भी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
इस अवसर पर वेलनेस कमेटी “उम्मीद” की समन्वयक डॉ. नीरा पांडे, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिल्पा कुलकर्णी, . डॉ.शुष्मा दुबे ,डॉ. उज्ज्वला भोंसले एवं महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं वेलनेस कमेटी “उम्मीद” के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों को मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया, जिससे मानसिक शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच को विकसित करने की प्रेरणा मिली। साथ ही प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी उपस्थितजनों को प्रकृति की रक्षा, अधिक से अधिक वृक्षारोपण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मानसिक रूप से सशक्त बनने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
#SSMV_Bhilai #Self_Confidence #Brahmakumaris












