कुरूद कृषि महाविद्यालय को आईसीएआर से ‘ए’ ग्रेड, 2029 तक प्रभावी
धमतरी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (NAEAB) ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा उसके अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों को पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रत्यायन प्रदान किया है। इनमें कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद भी शामिल है। आईसीएआर द्वारा प्रदान किए गए 3.15 स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड कृषि शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
आईसीएआर की अधिसूचना के अनुसार यह प्रत्यायन 29 मार्च 2024 से 28 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगा। राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की 43 वीं बैठक में 24 अगस्त 2026 को लिए गए निर्णय के आधार पर यह मान्यता प्रदान की गई है। प्रत्यायन के दायरे में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के साथ कृषि महाविद्यालय रायपुर तथा कुरूद सहित अन्य संबंधित संस्थानों के स्वीकृत शैक्षणिक कार्यक्रम शामिल हैं।
कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद को आईसीएआर द्वारा ‘ए’ ग्रेड प्रदान किए जाने पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कुरूद के साथ-साथ पूरे धमतरी जिले के लिए गौरव की बात है। कृषि शिक्षा और अनुसंधान की गुणवत्ता में निरंतर सुधार से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ किसानों तक पहुंचाने में महाविद्यालय की भूमिका और प्रभावी होगी।
अधिष्ठाता नवनीत राणा ने कहा- “यह उपलब्धि कृषि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। इसके पीछे विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों एवं समस्त महाविद्यालयीन परिवार के निरंतर प्रयास, समर्पण और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।”
आईसीएआर के प्रत्यायन से कुरूद कृषि महाविद्यालय की अकादमिक विश्वसनीयता को नई पहचान मिलने के साथ विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा और अनुसंधान के अवसरों को और विस्तार मिलने की उम्मीद है। यह उपलब्धि जिले में ज्ञान आधारित, तकनीक-सक्षम और नवाचारपरक कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
#Agriculture_College_Kurud #NAAC_A_Grade












