घर की ताजा सब्जियों से आया स्वास्थ्य में सुधार, परिवार की पोषण जरूरतें हुईं पूरी

घर की ताजा सब्जियों से आया स्वास्थ्य में सुधार, परिवार की पोषण जरूरतें हुईं पूरी

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत खैरागढ़ जिले के ग्राम कोहलाटोला गांव की श्रीमती तेजेश्वरी चंदेल के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

तेजेश्वरी चंदेल, ओम साई स्व सहायता समूह, फुलवारी ग्राम संगठन एवं विद्या संकुल संगठन से जुड़ी हैं। वे अपने पति श्री ऋग्वेद चंदेल के साथ कृषि एवं सब्जी उत्पादन का कार्य करती हैं। पहले वे सिकल सेल एनीमिया की समस्या से परेशान थीं। कमजोरी और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण उपचार पर खर्च भी करना पड़ता था।

इसी बीच एफएनएचडब्ल्यू मास्टर ट्रेनर के माध्यम से तेजेश्वरी को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन तथा आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाले रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थों के उपयोग की जानकारी मिली। उन्हें घर में पोषण बाड़ी विकसित करने के महत्व के बारे में भी बताया गया। कृषि सखी के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने घर में पोषण बाड़ी तैयार की।

अब पोषण बाड़ी में उगने वाली ताजा हरी एवं मौसमी सब्जियां उनके परिवार के भोजन का नियमित हिस्सा बन रही हैं। इससे भोजन में पोषण और विविधता बढ़ी है तथा बाजार से सब्जियां खरीदने पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है। नियमित पौष्टिक आहार अपनाने से तेजेश्वरी के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है।

तेजेश्वरी का बेटा पहले कमजोर और अक्सर बीमार रहता था। एफएनएचडब्ल्यू कार्यक्रम से मिली जानकारी के बाद उन्होंने बच्चे को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजना शुरू किया। यहां बच्चे को ताजा एवं गर्म पौष्टिक भोजन, नियमित वजन जांच और टीकाकरण की सुविधा मिल रही है। नियमित पोषण एवं देखभाल से बच्चे के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है।उनके लिए पोषण बाड़ी अब परिवार की पोषण जरूरतों को पूरा करने के साथ कृषि गतिविधियों में उनकी भागीदारी और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन गई है।

#Fresh_Vegetables

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *