निरंजन भाटा’ को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले स्व. लीलाराम साहू का सम्मान

निरंजन भाटा’ को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले स्व. लीलाराम साहू का सम्मान

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम घुमा, दर्रा निवासी स्वर्गीय श्री लीलाराम साहू द्वारा वर्षों से संरक्षित पारंपरिक एवं विशिष्ट बैंगन किस्म ‘निरंजन भाटा’ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय में स्वर्गीय श्री लीलाराम साहू के पुत्र अजय शंकर साहू को उनके पिता के कृषि क्षेत्र में योगदान, पारंपरिक कृषि ज्ञान के संरक्षण तथा स्थानीय जैव-विविधता को सहेजने के लिए सम्मानित किया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि पारंपरिक फसल किस्में केवल कृषि की विरासत नहीं, बल्कि किसानों के पीढ़ियों से संचित ज्ञान, अनुभव और स्थानीय जैव-विविधता की अमूल्य धरोहर हैं। ‘निरंजन भाटा’ जैसी स्थानीय किस्म का संरक्षण और उसका राष्ट्रीय स्तर पर पंजीयन धमतरी जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने स्वर्गीय श्री लीलाराम साहू के परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके प्रयास जिले के अन्य किसानों को भी अपनी पारंपरिक फसल किस्मों के संरक्षण, संवर्धन और पंजीयन के लिए प्रेरित करेंगे।

विशिष्ट गुणों वाली पारंपरिक बैंगन किस्म है ‘निरंजन भाटा’

‘निरंजन भाटा’ अपने विशिष्ट गुणों के कारण अलग पहचान रखती है। इसके फल लंबे, मुलायम, मीठे गूदे वाले तथा अपेक्षाकृत कम बीज वाले होते हैं। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार इसके फलों की औसत लंबाई लगभग 45.8 सेंटीमीटर है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से प्रचलित इस किस्म को संरक्षित रखते हुए स्वर्गीय श्री साहू ने इसे व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए।

PPV&FRA के तहत वर्ष 2024 में हुआ पंजीयन

कृषि विज्ञान केंद्र धमतरी द्वारा स्वर्गीय श्री लीलाराम साहू को किस्म के संरक्षण, दस्तावेजीकरण एवं पंजीयन की प्रक्रिया में आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया गया। PPV&FRA प्रभारी प्रेमलाल साहू द्वारा पंजीयन से संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन एवं समन्वय किया गया। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप ‘निरंजन भाटा’ किस्म का वर्ष 2024 में पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) के अंतर्गत पंजीयन कराया गया। यह उपलब्धि किसान के पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय कृषि जैव-विविधता के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिल चुका है डेढ़ लाख रुपए का सम्मान

श्री लीलाराम साहू को 2016-17 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर किसान सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। PPV&FRA द्वारा प्रदान किए गए प्रमाण-पत्र के अनुसार उन्हें 1.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया था। यह सम्मान 22 अक्टूबर 2019 को प्रदान किया गया।

इसके अलावा ‘निरंजन भाटा’ किस्म में उनके नवाचार एवं पारंपरिक ज्ञान के लिए National Innovation Foundation–India द्वारा आयोजित Ninth National Grassroots Technological Innovations & Traditional Knowledge Awards के अंतर्गत State Award–Chhattisgarh से भी सम्मानित किया गया था। कृषि क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा ‘निरंजन भाटा’ जैसी विशिष्ट पारंपरिक किस्म के संरक्षण के लिए उन्हें ‘छत्तीसगढ़ बेस्ट कृषि उत्पाद’ वर्ष 2022 के सम्मान से भी नवाजा गया था।

#Niranjan_Bhanta #PPV&FRA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *