बुजुर्ग करता था बहकी बहकी बातें, निकला मस्तिष्क का ट्यूमर
भिलाई। 60 वर्षीय एक बुजुर्ग पिछले कुछ समय से बहकी बहकी बातें कर रहा था। वह अजीब हरकतें करता, बातों को सुनने समझने में भी दिक्कतें आ रही थीं। घर वाले पहले बैगा के पास लेकर गए। झाड़फूंक भी करवाया। फिर किसी की सलाह पर मनोचिकित्सक (साइकियाट्रिस्ट) के पास भी लेकर गए। उनकी सलाह पर मरीज को हाइटेक सुपरस्पेशालिटी हॉस्पिटल लाया गया। बीमारी पकड़ में आई और इलाज भी हो गया।
हाइटेक के न्यूरोसर्जन डॉ दीपक बंसल ने बताया कि मरीज के लक्षण उसके मस्तिष्क में ट्यूमर की ओर इशारा कर रहे थे। सीटी और एमआरआई जांच से इसकी पुष्टि हो गई। मरीज के मस्तिष्क के पैरिएटल लोब में एक ट्यूमर था। पैरिएटल लोब मस्तिष्क के ऊपरी-मध्य भाग में होता है। यह मुख्य रूप से स्पर्श, दर्द, तापमान, और स्थानिक जागरूकता जैसी संवेदी जानकारियों को प्रोसेस करता है। इस हिस्से में ट्यूमर होने से शरीर के संवेदी और संज्ञानात्मक कार्यों में बदलाव आ सकते हैं
पैरिएटल लोब ट्यूमर होने पर शरीर के एक हिस्से (आमतौर पर ट्यूमर के विपरीत दिशा वाले हिस्से) में सुन्नता या झुनझुनी महसूस होती है। वस्तुओं को छूने या पकड़ने में कठिनाई होती है। शब्दों को समझने, बोलने, लिखने या हिसाब लगाने में परेशानी होना। दायां-बायां समझने या दिशा पहचानने में भूल होती है। दृष्टि का धुंधला होना या किसी एक तरफ की वस्तुओं को न देख पाने जैसी समस्या हो सकती है। गंभीर सिरदर्द होना या मिर्गी जैसे दौरे भी पड़ सकते हैं।
ट्यूमर की पुष्टि हो जाने के बाद मरीज के परिजनों को इसके बारे में बताया गया और उनकी सहमति लेने के बाद सर्जरी प्लान की गई। निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ नरेश देशमुख एवं टीम के साथ मरीज की सर्जरी कर दी गई। सर्जरी सफल रही। मरीज के लक्षणों में सुधार देखा गया। ट्यूमर के ऊतकों की प्रकृति को जांचने के लिए हिस्टोपैथोलॉजी के लिए भेजा गया है।
#Brain_Tumor #Parietal_Lobe #Symptoms #Hitek_Hospital












