गधे का आवेदन लगाया, जानवर भी लिखा फिर भी मिल गया नर्सिंग लाइसेंस
भोपाल। मध्य प्रदेश में नर्सिंग काउंसिल किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहता है। अब मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने एक गधे के नाम पर जमा किए गए ऑनलाइन नर्सिंग रजिस्ट्रेशन एप्लीकेशन को मंजूरी दे दी है, जिससे काउंसिल के नए लॉन्च किए गए पोर्टल की वेरिफिकेशन प्रोसेस पर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, यह आवेदन एनएसयूआई के राज्य उपाध्यक्ष रवि परमान ने काउंसिल के ऑनलाइन सिस्टम को टेस्ट करने के लिए जमा किया था। परमार के मुताबिक, फॉर्म में नाम डंकी था, गधे की तस्वीर लगी थी और फर्जी जानकारी दी गई थी। माता-पिता के कॉलम में डंकी फादर और डंकी मदर लिखा था। साथ ही जाति वाले कॉलम में एनिमल लिखा था।
वहीं, परमार ने दावा किया है कि इतनी अजीब जानकारी होने के बावजूद 2050 रुपए का ऑनलाइन पेमेंट हो गया। इसके बाद टेम्पररी नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को एप्लीकेशन जमा करने और पेमेंट करने के लगभग पांच मिनट बाद ही सर्टिफिकेट बन गया था।
इसके साथ ही एप्लीकेशन में 10वीं और 12वीं क्लास की परीक्षा की मनमानी जानकारी भी दी गई थी, जबकि ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के तौर पर भोपाल नर्सिंग कॉलेज और भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का नाम डाला गया था। परमार ने आरोप लगाया कि ट्रेनिंग पूरी होने और डिग्री या डिप्लोमा सर्टिफिकेट के बजाए खाली कागज अपलोड किए गए थे।
गौरतलब है कि इस मसले पर नर्सिंग काउंसिल की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। परमार ने पोर्ट और उसे मैनेज करने वाली एजेंसी की जांच की मांग की है और कहा है कि जांच से यह पता चलना चाहिए कि बिना वेरिफिकेशन के एप्लीकेशन को मंजूरी कैसे मिल गई।
#Donkey_Nurse #Education_Failure












