त्वरित जनसेवा से पोषण जागरूकता तक, सेवा संकल्प में दिखी जनभागीदारी

त्वरित जनसेवा से पोषण जागरूकता तक, सेवा संकल्प में दिखी जनभागीदारी

दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले में जनसेवा, स्वच्छता, जल संरक्षण, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिल रही है। एक ओर सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों के शासकीय कार्यों और आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रमदान से तालाबों की सफाई तथा ‘आंगन मिलन’ के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक विकासखंड एवं विधानसभावार विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, श्रम, प्रधानमंत्री आवास और राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 34 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।

शिवपारा, दुर्ग निवासी तेज प्रकाश यादव के परिजनों को आवेदन करने के कुछ ही मिनटों में मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। इसी तरह दुर्ग निवासी ईश्वर सिंह राजपूत को भू-अभिलेख से संबंधित बी-1 (खतौनी) और पी-2 (खसरा) की प्रतियां मौके पर ही प्रदान की गईं। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने शिविर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, नागरिकों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और तैयार प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित किए।

सेवा संकल्प अभियान के तहत रिसाली क्षेत्र में स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर भी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। जलकुंभी से पटे तालाबों की सफाई के लिए दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर की पहल पर दुर्ग नगर निगम से सर्फेस स्किमर मशीन उपलब्ध कराई गई है। मशीन के माध्यम से तालाबों में फैली जलकुंभी, जलीय पौधों और तैरते कचरे को बाहर निकाला जा रहा है।

श्री चन्द्राकर ने कहा कि तालाबों और पोखरों को सहेजना आवश्यक है। नागरिकों और पार्षदों की मांग पर तालाबों की सफाई के लिए मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान उनके नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने श्रमदान कर तालाब के आसपास सफाई की। एकत्र कचरे को एसएलआरएम सेंटर भेजा गया। नगर निगम आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा ने भी नागरिकों से तालाबों को स्वच्छ रखने और गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।

अभियान के अंतर्गत राजीव नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का सम्मान किया गया। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी जानकारियां साझा करते हुए अभिभावकों को उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य की देखभाल और बेहतर भविष्य के लिए परिवार की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी गई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिक सेवाओं के त्वरित निराकरण के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण, पोषण और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। सेवा सेतु शिविरों से जहां शासकीय सेवाएं नागरिकों के करीब पहुंच रही हैं, वहीं श्रमदान और ‘आंगन मिलन’ जैसी गतिविधियां सामुदायिक सहभागिता को मजबूत कर रही हैं।

#Seva_Sankalp_Durg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *