विश्व सिद्ध बस्तर दशहरा : रथ निर्माण में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बंटाया हाथ

विश्व सिद्ध बस्तर दशहरा : रथ निर्माण में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बंटाया हाथ

रायपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मनाया जाने वाला दुनिया का सबसे लंबा लगभग 75 दिनों तक चलने वाला अनोखा लोक पर्व है । यह पर्व भगवान राम की विजय या रावण दहन से जुड़ा नहीं है, बल्कि विशुद्ध रूप से मां दंतेश्वरी और स्थानीय देवी-देवताओं की शक्ति पूजा को समर्पित है।

विश्व सिद्ध बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं और लगभग 75 दिनों तक चलने वाले भव्य आयोजन के लिए देश-दुनिया में विख्यात है। बस्तर दशहरा पर्व की तैयारियां इन दिनों पूरे उत्साह के साथ जोरों पर है। इसी कड़ी में बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक सिरहासार भवन पहुंचे, जहां झारउमरगांव के पारंपरिक ग्रामीण शिल्पकार विशाल रथ के निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। सांसद श्री कश्यप ने वहां पहुंचकर न केवल कारीगरों का हौसला बढ़ाया, बल्कि उन्हें वस्त्र वितरित कर सम्मानित किया, साथ ही खुद भी औजार थामकर रथ निर्माण में हाथ बंटाते हुए श्रमदान किया।

एक जनप्रतिनिधि के तौर पर केवल औपचारिक निरीक्षण करने के बजाय निर्माण कार्य में सीधे भागीदार बनने का उनका यह अंदाज हर किसी का ध्यान खींचने वाला रहा। दरअसल सांसद श्री महेश कश्यप को बढ़ई कार्य, मकान निर्माण, मैकेनिक और मूर्तिकला जैसे व्यावहारिक हस्तकौशल का पुराना और गहरा अनुभव है। उन्होंने अपने स्वयं के घर के निर्माण से लेकर खिड़की, दरवाजे और पलंग तक का काष्ठ कार्य खुद किया है। अपने इसी जमीनी हुनर के चलते वे झारउमरगांव के कारीगरों के बीच पूरी सहजता से घुलमिल गए और उनके साथ लकड़ी तराशने के काम में जुट गए।

बस्तर दशहरा की मूल पहचान यहां की जीवंत लोक परंपराओं, सामूहिक सहभागिता और पीढि़यों से चली आ रही शिल्पकला में निहित है, जिसे झारउमरगांव के कारीगर सदियों से निष्ठापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे में सांसद का कारीगरों के बीच पहुंचकर उनका सम्मान करना और स्वयं पसीना बहाकर श्रमदान करना, बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और श्रम के प्रति उनके गहरे सम्मान तथा आत्मीय जुड़ाव को दर्शाता है।

#Bastar_Dussera #Mahesh_Kashyap #Rath

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *