1500 रुपये से शुरू किया व्यवसाय, अब सालाना दो लाख तक की कमाई

1500 रुपये से शुरू किया व्यवसाय, अब सालाना दो लाख तक की कमाई

महज 1500 रुपये से सूअर पालन शुरू करने वाली श्रीमती जल कुमारी आज किराना दुकान, आटा-धान चक्की, सूअर पालन और बकरी पालन के माध्यम से सालाना लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये की आमदनी अर्जित कर रही हैं। कभी आर्थिक कठिनाइयों से जूझने वाला उनका परिवार अब बेहतर स्थिति में है और वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला पा रही हैं।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत सामने आई जल कुमारी की कहानी महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण है। जल कुमारी बताती हैं कि पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। उन्हें बचत के महत्व और बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी भी नहीं थी। आर्थिक संसाधनों के अभाव में स्वयं का व्यवसाय शुरू करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।

इसी दौरान 16 मार्च 2013 को वे स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। समूह की बैठकों और गतिविधियों के माध्यम से उन्हें नियमित बचत करने तथा उपलब्ध आर्थिक संसाधनों का उपयोग आजीविका बढ़ाने के लिए करने की जानकारी मिली। समूह से जुड़ना उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत साबित हुआ।

जल कुमारी ने समूह से मिले महज 1500 रुपये से सूअर पालन का व्यवसाय प्रारंभ किया। धीरे-धीरे सूअर पालन उनकी आमदनी का महत्वपूर्ण साधन बन गया। वर्तमान में इस गतिविधि से उन्हें सालाना लगभग 30 से 35 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।

सूअर पालन से मिली सफलता के बाद जल कुमारी ने स्व-सहायता समूह के माध्यम से 70 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और किराना दुकान शुरू की। इसके साथ ही आटा चक्की और धान चक्की भी स्थापित की। दो बकरियों के साथ बकरी पालन शुरू किया। बकरियों की संख्या बढ़कर अब 17 से 18 तक पहुंच गई है।  इस प्रकार सूअर पालन, बकरी पालन, किराना दुकान और आटा-धान चक्की उनके परिवार की आजीविका के महत्वपूर्ण साधन बन गए हैं।

जल कुमारी के अनुसार, विभिन्न आजीविका गतिविधियों से अब उनकी कुल वार्षिक आमदनी लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये तक पहुंच गई है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। पहले जहां घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई होती थी, वहीं अब व्यवसाय से मिलने वाली आय के कारण वे परिवार की जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा रही हैं। आर्थिक स्थिति में सुधार होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे पा रही हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास कर रही हैं।

#Self_Help_Group #Jal_Kumari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *