श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘आरोहण’ का भव्य आयोजन

श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘आरोहण’ का भव्य आयोजन

भिलाई। श्री शंकराचार्य महाविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘आरोहण’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विविधता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्य आदरणीय डॉ. अर्चना झा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के अकादमिक डीन डॉ. जे. दुर्गा प्रसाद राव एवं शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीरा पांडेय ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के समस्त प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता का मनमोहक प्रदर्शन किया। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर विद्यार्थियों ने वहां के लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं आदिवासी अंचलों के लोकनृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न लोकगीतों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण निर्मित किया।

शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। उनकी प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, रचनात्मकता एवं सामूहिक प्रयास की झलक देखने को मिली।

मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. जे .दुर्गा प्रसाद राव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कार्यक्रम की सफलता का संपूर्ण श्रेय उनकी मेहनत, लगन एवं उत्साह को दिया।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीरा पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं शानदार प्रस्तुतियों के साथ ‘आरोहण’ सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं लोकपरंपराओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

#SSMV_Bhilai #BEd

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *