मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह में समरसता और गौरव का संगम

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह में समरसता और गौरव का संगम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

समारोह केवल शुभकामनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दशकों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे लोगों के सम्मान, उनके अनुभवों को साझा करने और सामाजिक संबंधों को नई ऊर्जा देने का यादगार अवसर बना। समारोह में छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव, सेवा भावना और आपसी सद्भाव की सुंदर झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वे स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली और समाज के लिए किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार ने समारोह को औपचारिक आयोजन से आगे बढ़कर अपनत्व और पारिवारिक मिलन का स्वरूप प्रदान किया।

दीपावली मिलन समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा से है। विभिन्न समाजों की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और जीवन मूल्य हैं, जो मिलकर छत्तीसगढ़ की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग चार दशक पूर्व से सक्रिय रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति रही।

दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों ने भी मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद किया और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष तथा उनके अनुभवों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेवा हमारी संस्कृति का मूल भाव है। समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले संगठन सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दीपावली मिलन समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती, प्रज्ञा प्रवाह, भारतीय साहित्य परिषद सहित वैचारिक एवं साहित्यिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम, राष्ट्रीय सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच सहित सुरक्षा एवं सामाजिक जागरण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

दीपावली मिलन समारोह में लघु उद्योग भारती, भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक और श्रमिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लघु उद्योगों, स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।

समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों और कला-साधकों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रसिद्ध सूफी गायक पद्मश्री श्री मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके लंबे समर्पण और योगदान की सराहना की। श्री साय ने पद्मश्री श्री पंडीराम मंडावी से भी आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण के प्रयासों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु से भी आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।

दीपावली मिलन समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। उन्होंने जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने के लिए संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी।
दीपावली मिलन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की भावना को और मजबूत किया।

#Deepawali_Milan_CM_Sai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *