सेना में हनीट्रैप हुआ पुराना, अब नए पैंतरे अपना रहे विदेशी जासूस

सेना में हनीट्रैप हुआ पुराना, अब नए पैंतरे अपना रहे विदेशी जासूस

नई दिल्ली। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को कहा कि विदेशी जासूस गिरोह पुराने हनी ट्रैप से आगे बढ़कर साइबर वॉर और अन्य तिकड़मों का सहारा ले रहे हैं। चीफ ऑफ द एयर स्टाफ , एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने न्यूज एजेंसी ANI नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में कहा कि सोशल मीडिया के जरिए प्रेम जाल में फंसाना एक बड़ी खुफिया चुनौती का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है।

एयर चीफ मार्शल ने कहा, यह असल में साइबर जासूसी है। आजकल जासूसी साइबर माध्यमों और कई अन्य तरीकों से की जाती है, जिसमें लोगों को लुभाया जाता है। हनी ट्रैप तो इस पूरी तस्वीर का बस एक पहलू है। इसमें और भी कई चीजें शामिल हैं।

भारतीय वायु सेना प्रमुख ने बताया कि चूंकि मुख्य सैन्य संचार नेटवर्क सार्वजनिक इंटरनेट से पूरी तरह अलग हैं, इसलिए विदेशी खुफिया एजेंसियां ​​हार्डवेयर के बजाय इंसानी ऑपरेटरों को निशाना बना रही हैं। हमारे नेटवर्क ‘एयर-गैप्ड’ हैं, इसलिए कोई इन पर साइबर हमला नहीं कर सकता। लेकिन, अंदर से ही खतरा पैदा हो रहा है और हमें इसकी जानकारी है। इससे निपटने के लिए कुछ तकनीकी और संस्थागत उपाय पहले से ही लागू हैं।

वायुसेना प्रमुख ने यह बात तब कही है जब रक्षा प्रतिष्ठान में काउंटर-इंटेलिजेंस से जुड़ी कई हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां हुई हैं। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने एक रक्षा अधिकारी को गिरफ्तार किया है। उस पर संवेदनशील ऑपरेशनल तैनाती की जानकारी लीक करने और अपने एक सहकर्मी के मोबाइल फोन में डेटा चुराने वाला मैलवेयर डालने की कोशिश करने का आरोप है। यह अधिकारी अपने निजी जीवन में मुश्किल दौर से गुजर रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक महिला ने उससे दोस्ती की, जिस पर शक है कि वह किसी पाकिस्तानी हैंडलर के लिए काम करती है।
वहीं अक्टूबर में, आंध्र प्रदेश पुलिस ने विशाखापत्तनम से भारतीय नौसेना के 31 साल के इंडियन नेवी के सेलर प्रदीप मुखर्जी और एक कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर को गिरफ्तार किया था। मुखर्जी को कई महीनों तक ऑनलाइन एक पाकिस्तानी महिला एजेंट ने अपने जाल में फंसाए रखा था।

#Defence #Honeytrap #AirChiefMarshal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *