मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत पत्र लिखकर बढ़ाया ड्रोन दीदियों का हौसला

मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत पत्र लिखकर बढ़ाया ड्रोन दीदियों का हौसला

बालोद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले की ‘ड्रोन दीदी’ श्रीमती चित्ररेखा साहू को विशेष संदेश ‘विष्णु की पाती’ भेजकर उनके मेहनत, समर्पण और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस आत्मीय संदेश ने जुर्रीपारा की रहने वाली चित्ररेखा साहू की खुशियों को दोगुना कर दिया। मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक ड्रोन तकनीक अपनाने तथा आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत करने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी हैं।

बालोद के जुर्रीपारा की श्रीमती चित्ररेखा साहू ने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के साथ अपने लिए एक नई राह बनाई है। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। परंपरागत खेती-किसानी से आगे बढ़कर उन्होंने कृषि क्षेत्र में नई तकनीक अपनाने का साहस दिखाया और आज वे ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

शासन की महत्वाकांक्षी ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के माध्यम से चित्ररेखा साहू ने विधिवत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर ड्रोन संचालन की बारीकियां सीखीं। आज वे खेतों में नैनो यूरिया, डीएपी और कीटनाशकों का छिड़काव ड्रोन के माध्यम से कर रही हैं। इससे किसानों का समय और श्रम बच रहा है तथा कृषि कार्य अधिक सुविधाजनक हो रहे हैं। वहीं, इस कार्य से चित्ररेखा को आजीविका का नया अवसर और समाज में एक विशिष्ट पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से ‘विष्णु की पाती’ प्राप्त होने पर भावुक चित्ररेखा साहू ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिला यह संदेश उनके लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों के साथ-साथ बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की भी सराहना की है। इससे उनका आत्मविश्वास और मनोबल कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने इस आत्मीय सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा उन्हें राज्य स्थापना दिवस और दीपावली पर्व की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं।

#Vishnu_ki_Pati #Drone_Didi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *