यूपी के हापुड़ में बन रहा था नकली सॉस, स्वाद का बॉस पर सेहत का लॉस

यूपी के हापुड़ में बन रहा था नकली सॉस, स्वाद का बॉस पर सेहत का लॉस

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में लोग जिस सॉस को चटखारे लेकर खा रहे थे, वह टमाटर से नहीं, बल्कि एक ऐसी मिलावट से बन रहा था, जिसे सुनकर ही हैरानी होती है। चंडी रोड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब एक दुकान पर छापा मारा, तो सामने आई तस्वीर ने सबको चौंका दिया। लाल-लाल दिखने वाला सॉस, जिसे लोग स्वाद समझकर खरीद रहे थे, उसमें टमाटर नाम की चीज लगभग गायब थी।

अधिकारियों के मुताबिक, इस सॉस को बनाने के लिए सोडियम, नमक और केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था। थोड़ा टमाटर और थोड़े गाजर मिलाकर इसे स्वादिष्ट बनाया जाता था। कलर, सुगंध और स्वाद पूरी तरह से रासायनिक था। इसकी पैकिंग खूबसूरत थी जो बाजार में बिकने वाले अन्य सॉसों की तरह ही थी। सस्ता होने के कारण इसकी बिक्री भी खूब हो रही थी।

दरअसल, खाद्य सुरक्षा टीम को शिकायत मिली थी कि इलाके में लंबे समय से नकली सॉस तैयार कर बेचा जा रहा है। इसके बाद टीम ने अचानक छापा मारा तो दुकान के अंदर जो मिला, उसने पूरे धंधे की पोल खोल दी। बड़ी मात्रा में तैयार सॉस, केमिकल जैसा कच्चा माल और पैकिंग का सामान मौके पर मिला। अधिकारियों ने करीब 30 पेटी सॉस सीज कर दी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार ने बताया कि मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग यह भी पता लगा रहा है कि यह नकली सॉस शहर के किन-किन बाजारों और दुकानों तक पहुंच चुका था।

#Chemical_Sauce #Food_Adulteration

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *