आपदा से बचाव के लिए सचेत, दामिनी, मेघदूत एप, डायल करें 1070 या 112
गरियाबंद । प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को कम करने तथा लोगों को समय रहते पूर्व चेतावनी उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार द्वारा सचेत, दामिनी एवं मेघदूत मोबाइल एप विकसित किए गए हैं। इन एप्स के माध्यम से बाढ़, आकाशीय बिजली, वनीय आग, लू एवं तापघात जैसी संभावित आपदाओं की पहले से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला प्रशासन ने पुलिस, नगर सेना, जिला एवं तहसील स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत पटवारी, सरपंच, सचिव, शिक्षक, आशा कार्यकर्ता एवं आम नागरिकों को अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से इन एप्स को डाउनलोड कर उपयोग करने के लिए कहा है।

साथ ही आपदा के समय त्वरित सहायता एवं बचाव कार्यों के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1070 एवं 112 के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में नागरिक इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते है। इस आधुनिक तकनीक आधारित एप्स और हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग से लोगों को समय पर चेतावनी मिलेगी तथा आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
#Calamity_App #Damini_App #Sachet_App #Meghdoot_App












