सर्वधर्म संस्था ने की अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान देने की अपील

सर्वधर्म संस्था ने की अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान देने की अपील

भिलाई। सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में अंगदाताओं को मरणोपरांत राजकीय सम्मान प्रदान किए जाने की मांग को लेकर आज माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी को स्मरण-पत्र सौंपा गया।
संस्था द्वारा पूर्व में भी इस संबंध में आवेदन प्रेषित किया गया था। उसी क्रम में महासचिव राकेश रत्नाकर की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने पुन: मुलाकात कर इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रतीक भोई, रघुवंश सैनी, नोहर सिंह, वसंत सलंकर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
स्मरण-पत्र में उल्लेख किया गया कि दिन-प्रतिदिन बढ़ते प्रदूषण, अनियमित जीवनशैली एवं बढ़ती बीमारियों के कारण मानव अंग तेजी से प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन अंगदान के प्रति जागरूकता की कमी के कारण अनेक मरीज समय पर अंग नहीं मिलने से जीवन खो देते हैं।
संस्था ने कहा कि यदि राज्य सरकार द्वारा अंगदाताओं को राजकीय सम्मान प्रदान किया जाता है, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा एवं अधिक से अधिक लोग अंगदान जैसे पुनीत कार्य के लिए प्रेरित होंगे।
स्मरण-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि विदेशों में अंग प्रत्यारोपण को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए अब ड्रोन के माध्यम से एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक मानव अंगों को शीघ्रता से पहुंचाया जा रहा है, ताकि समय पर मरीजों का जीवन बचाया जा सके।
संस्था ने ओडिशा, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश एवं कर्नाटक जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां अंगदाताओं को सम्मान देने एवं जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल की गई है, जिससे अंगदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सर्वधर्म सेवा संस्था ने आशा व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ शासन भी जनहित में इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर अंगदान जैसे महादान को प्रोत्साहित करेगा।

#Sarvdharm_Seva_Sanstha

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *