पाटणकर कन्या महाविद्यालय में पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण गतिविधियां
दुर्ग। शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज विश्व पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह, जागरूकता और सहभागिता के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त रूप से भूगोल, वनस्पति शास्त्र एवं प्राणि शास्त्र विभाग द्वारा किया गया।
इस वर्ष की थीम यह संदेश देती है कि पृथ्वी की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ जैसे-पर्यावरण जागरूकता रैली, एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजना श्रीवास्तव ने कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन का आधार है और इसके बिना हमारा अस्तित्व संभव नहीं है। आज जिस प्रकार पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन हो रहा है, वह हमारे लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें, तो हम पृथ्वी को सुरक्षित और संरक्षित रख सकते हैं। हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करने होंगे, जैसे जलसंरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग और अधिक से अधिक वृक्षारोपण। यही प्रयास भविष्य की पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने आगे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करें।
भूगोल विभाग ने पृथ्वी के प्राकृतिक संसाधनों, जलवायु परिवर्तन एवं सतत् विकास के विषय में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। वनस्पति शास्त्र विभाग ने पौधों के महत्व, जैव विविधता एवं वृक्षारोपण के लाभों पर प्रकाश डाला। प्राणिशास्त्र विभाग ने जीव-जंतुओं के संरक्षण, पारिस्थितिकी संतुलन एवं वन्यजीव सुरक्षा के महत्वको समझाया।
अंत में सभी उपस्थित प्राध्यापकों ने और विद्यार्थियों ने पृथ्वी की रक्षा करने एवं पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने में भी सफल रहा।
#Girls_College_Durg #Earth_Day












