सरकारी कामधेनु विश्वविद्यालय में आक्रोश : मार्च का वेतन मिला मई में
दुर्ग। कामधेनु विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन नियमित रूप से जारी नहीं हो पाता। इस वर्ष मार्च माह का वेतन 19-20 मई, 2026 को दिया गया जबकि अप्रैल माह का लंबित है और माह अप्रैल व मई का वेतन कब तक प्राप्त होगा, इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। शासन से समय पर अनुदान राशि प्राप्त नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों से गुजरना पड़ रहा है। कर्मचारियों को बैंक ऋण एवं ईएमआई, बच्चों की शिक्षा शुल्क, मकान किराया, चिकित्सा व्यय तथा अन्य आवश्यक घरेलू खर्चों के भुगतान में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने मांग की है कि लंबित वेतन के लिए आवश्यक अनुदान राशि तत्काल स्वीकृत और जारी की जाए तथा भविष्य में प्रत्येक माह नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए स्थायी वित्तीय व्यवस्था विकसित की जाए। कर्मचारियों ने कुलपति, कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी से विश्वविद्यालय कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द सकारात्मक एवं आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि 5 जून तक कर्मचारियों की मांगों एवं समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है, तो समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
#Kamdhenu_University #Salary_Issues












