‘चिरपोटी टमाटर’ को मिली कानूनी पहचान : संरक्षक किसान बंसी लाल सम्मानित
धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम गुहनानाला के किसान बंसी लाल सोरी द्वारा पीढ़ियों से संरक्षित स्थानीय एवं पारंपरिक ‘चिरपोटी टमाटर’ किस्म को पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) के अंतर्गत पंजीयन के माध्यम से आधिकारिक पहचान मिली है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बंसी लाल सोरी को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
बंसी लाल सोरी के परिवार में ‘चिरपोटी टमाटर’ का संरक्षण एवं उत्पादन उनके स्वर्गीय पिता मंगलू राम सोरी के समय से किया जा रहा है। स्वर्गीय मंगलू राम सोरी वर्षों तक इस स्थानीय किस्म के बीज को सुरक्षित रखते हुए इसका उत्पादन करते रहे। उनके निधन के बाद बंसी लाल ने इसे आगे बढ़ाया और ‘चिरपोटी टमाटर’ के बीज का संरक्षण एवं उत्पादन निरंतर जारी रखा।
‘चिरपोटी टमाटर’ किस्म के दस्तावेजीकरण और पंजीयन की प्रक्रिया में कृषि विज्ञान केंद्र, धमतरी द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। केंद्र के माध्यम से किस्म से संबंधित जानकारी एकत्रित करने, दस्तावेजीकरण तथा आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया में सहयोग दिया गया। PPV&FRA प्रभारी श्री प्रेमलाल साहू के माध्यम से कृषक किस्म के पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
प्राप्त पंजीयन प्रमाण-पत्र के अनुसार ‘चिरपोटी टमाटर’ का Registration No. REG/2016/1380 है। इसका आवेदन 07 सितम्बर 2016 को दाखिल किया गया था तथा किस्म का पंजीयन 08 जनवरी 2024 को प्रदान किया गया। अब इस पंजीयन के माध्यम से वर्षों से किसान परिवार द्वारा संरक्षित इस स्थानीय किस्म को औपचारिक पहचान एवं कृषक अधिकारों के संरक्षण का आधार प्राप्त हुआ है।
PPV&FRA के अंतर्गत कृषक किस्म के पंजीयन से किसानों द्वारा संरक्षित स्थानीय एवं पारंपरिक फसल किस्मों को आधिकारिक पहचान मिलती है। इसके साथ ही निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत कृषक अधिकारों के संरक्षण, पारंपरिक बीजों एवं फसल किस्मों के संरक्षण तथा कृषि जैव-विविधता को बढ़ावा देने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, धमतरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. ईश्वर सिंह, सहायक संचालक कृषि मनोज सागर, (पादप किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण ) PPV&FRA प्रभारी प्रेमलाल साहू एवं डॉ. दीपिका चंद्रवंशी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों ने श्री सोरी को ‘चिरपोटी टमाटर’ के संरक्षण एवं पंजीयन के लिए बधाई दी।
स्थानीय किस्मों के संरक्षण के लिए किसानों से अपील
कृषि विज्ञान केंद्र, धमतरी द्वारा जिले के किसानों से अपील की गई है कि यदि उनके पास लंबे समय से संरक्षित कोई विशिष्ट स्थानीय अथवा पारंपरिक फसल किस्म, बीज या कृषि संसाधन उपलब्ध है, तो उसकी जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र तक पहुंचाएं। ऐसी किस्मों के संबंध में आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन, दस्तावेजीकरण तथा PPV&FRA के अंतर्गत पंजीयन की संभावनाओं पर किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
#Chifpoti_Tomato #PPV&FRA












