100 आनलाइन सदस्य बनाएं महिला कार्यकर्ता

saroj pandey, bjp membership driveरायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि सदस्यता अभियान का लक्ष्य प्राप्त करने हमें बूथ स्तर से कार्य आरंभ करना होगा। भाजपा महिला मोर्चा की एक-एक कार्यकर्ता सदस्यता बुक से कम से कम 50 प्राथमिक सदस्य बनाएं और मुख्य रूप से आॅन लाइन 100 लोगों को सदस्य बनाएं। [More]
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में जोश भरते हुए सुश्री पाण्डेय ने कहा कि नारी शक्ति क्या नहीं कर सकती। एक बार जिस काम को करने का बीड़ा उठा ले तो वह उसे पूरा करके ही दम लेती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जिन लोगों के संपर्क में हैं उन्हें भाजपा का सदस्य बनाएं। छोटे-छोटे ग्रुप को जोड़कर हम आसानी से लोगों तक अपनी सोच उन तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 12 दिसबंर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रायपुर आ रहे हैं। बैठक में अधिक से अधिक जानकारी लेकर आएं। छोटी -छोटी बातों से संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बल्कि एक जन सेवक के नाते कार्य कर रहे हैं। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अच्छे कार्य किये तो देश की जनता ही नहीं बल्कि विश्व के बड़े -बड़े राष्ट्र उनकी सराहना कर रहे हैं। आने वाले समय में भाजपा और मजबूत हो यह संकल्प लेकर हमें यहां से जाना है।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती लतिका शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने नकार दिया है। आज देश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मंशा है कि भाजपा की आॅन लाइन सदस्यों की संख्या इतनी हो कि वह देश में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी बनकर उभरे। पूरे देश में भाजपा सदस्यता महाअभियान का श्रीगणेश नवंबर में हो चुका है। प्रतिदिन देश में लाखों लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
श्रीमती शर्मा ने कहा कि मोदी जी ने देश के लोगों के साथ ही विदेशों में लोगों का दिल जीता है। यह सबसे बड़ी बात है कि इस बार 26 जनवरी 2015 के गणतंत्र दिवस समारोह में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ ही कई देशों के शीर्षस्थ लोग उपस्थित रहेंगे। भारत की छवि विश्व पटल पर बेहतर होती जा रही है। अनुकूल अवसर का लाभ उठाते हुए अपने-अपने प्रदेशों में ज्यादा से ज्यादा भाजपा के साथ लोगों को जोड़ने की जरूरत है ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं के विषय में जानकारी आसानी से दी जा सके।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी ने कहा कि जिस तरह से केंद्र में कांग्रेस गठबंधन सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने में महिला मोर्चा ने संकल्प लिया था ठीक उसी तरह हमें छत्तीसगढ़ की ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को भाजपा का सदस्य बनाकर एक रिकार्ड बनाना है। सदस्यता अभियान 31 मार्च 2015 तक चलने वाला है और हम सबको पूरी गंभीरता के साथ इस अभियान से जुड़कर नवीन सदस्यों की संख्या का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाना है।
प्रदेश महामंत्री व सदस्यता के प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने सदस्यता अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा सदस्यता महाअभियान से पार्टी के विस्तार के लिए पार्टी की विचारधारा वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी साथ ही प्रदेश के लोगों में भाजपा की आॅन लाइन सदस्यता अभियान को लेकर उत्सुकता भी बढ़ेगी। भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक दीपक म्हस्के ने प्रोजेक्टर के जरिए आॅन लाइन सदस्यता के संबंध में विस्तार से महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को जानकारी दी। मोबाइल फोन पर नये सदस्यों को किस तरह से भाजपा से जोड़ा जाए, किस तरह से उनकी सारी जानकारी मोबाइल के जरिए ली जाए आदि सवालों का जवाब दिए। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, भाजाप महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री पूजा विधानी,भाजपा महिला मोर्चा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष श्रीमती मीनल चौबे, महिला मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष साधना सौरज, निरंजना शर्मा, चंद्रिका चंद्राकर, पावर्ती वाधवानी, सरला जैन, अर्चना चौबे आदि बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *