किशोरी ने टायलेट में दिया बच्चे को जन्म, फ्लश करने की कोशिश

किशोरी ने टायलेट में दिया बच्चे को जन्म, फ्लश करने की कोशिश

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सदर अस्पताल परिसर स्थित शौचालय में एक 14 वर्षीय लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। जब वह बाहर निकली तो उसके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं। संदेह होने पर लोगों ने भीतर जाकर देखा तो एक नवजात शिशु टायलेट के गड्ढे में फंसा हुआ था। अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और पुलिस की तत्परता से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लड़की की हालत बेहद खराब थी और शौचालय के भीतर व बाहर खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान लड़की अस्पताल परिसर से बाहर निकलने की कोशिश करने लगी, लेकिन कुछ ही दूरी पर अचानक चक्कर खाकर बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मी और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची । जब शौचालय की जांच की गई तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। नवजात बच्चा शौचालय के पैन में फंसा हुआ था।
इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर नाबालिग मां और नवजात बच्चे को इलाज के लिए मातृत्व शिशु अस्पताल चैताडीह भेजा गया। वहां दोनों को भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ प्रदीप बैठा ने बताया कि समय रहते दोनों को इलाज मिल गया, जिससे मां और बच्चे की जान बच गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों की हालत स्थिर और सामान्य है।
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नाबालिग की उम्र और पूरे घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग इस स्थिति में कैसे पहुंची और उसके साथ कोई अपराध तो नहीं हुआ।

#Newborn_Flushed_in_Toilet

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *