भोरमदेव बना वीकेंड डेस्टिनेशन, प्रति व्यक्ति शुल्क एक हजार रुपए
कवर्धा। भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 का शुभारंभ किया गया। प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को भोरमदेव अभ्यारण के करियामा गेट स्थित भोरमदेव ईको कैंप से यह प्रारंभ होगा जो प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर दर्शन के साथ संपन्न होगा। संचालित होगी। जुलाई के बाद हर शनिवार और रविवार को इसका संचालन किया जाएगा। प्रतिभाग शुल्क 1 हजार प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। भोरमदेव जंगल सफारी के लिए जारी क्यूआर (बारकोड) स्कैन कर अपना पंजीयन कर सकते हैं।

वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रतिभागियों को अनुभवी नेचर गाइड के साथ भोरमदेव के मनमोहक वनों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान वे विभिन्न प्रकार के वृक्षों एवं औषधीय पौधों की जानकारी प्राप्त करेंगे, पक्षियों एवं तितलियों का अवलोकन करेंगे तथा वन्यजीवों की उपस्थिति के संकेतों की पहचान करना सीखेंगे। साथ ही प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता और जिम्मेदार ईको-पर्यटन के महत्व से भी परिचित कराया जाएगा।
ट्रेकिंग के दौरान प्रतिभागियों को वैध फोटो पहचान पत्र, आरामदायक ट्रैकिंग स्पोर्ट्स जूते, हल्का बैग, पानी की बोतल, टोपी या कैप, धूप का चश्मा, रेनकोट, व्यक्तिगत दवाइयाँ, कैमरा या दूरबीन (वैकल्पिक) रख सकते है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे करियामा गेट स्थित भोरमदेव ईको कैंप में प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग से होगा। इसके बाद 8.15 बजे पंजीयन, सुरक्षा संबंधी जानकारी एवं ट्रेल परिचय दिया जाएगा। 8.30 बजे प्रशिक्षित प्रकृति विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में वन भ्रमण प्रारंभ होगा। इस दौरान प्रतिभागियों को पक्षी एवं तितली अवलोकन, प्रकृति की व्याख्या, विभिन्न वृक्ष प्रजातियों एवं औषधीय पौधों की पहचान, वन्यजीवों के प्राकृतिक चिन्हों की जानकारी तथा मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच फोटोग्राफी का अवसर मिलेगा।
वन भ्रमण के बाद दोपहर 12.30 बजे प्रतिभागी ईको बेस कैंप लौटेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे तक प्रतिभागी विश्राम के साथ नदी तट के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे। इसके बाद 3.45 बजे ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। सायं 4 बजे से 5 बजे तक प्रतिभागी भोरमदेव मंदिर एवं विरासत परिसर का भ्रमण करेंगे, जहाँ उन्हें मंदिर की ऐतिहासिक, स्थापत्य एवं सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का समापन सायं 5 बजे प्रतिभागियों के सुखद एवं अविस्मरणीय अनुभवों के साथ प्रस्थान के साथ होगा।
#Bhoramdeo_eco_trail #Weekend_trek












