कांफ्लुएंस कॉलेज के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
राजनांदगांव। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान का जिला स्तरीय आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माय भारत के सहयोग से किया गया जिसमे कांफ्लुएंस कॉलेज के स्वयंसेवको ने नुक्कड़ नाटक किया एवं रैली का नेतृत्व करते हुए सहभगिता दी, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण, शपथ ग्रहण एवं नशा मुक्ति रैली का आयोजन हुआ। कार्यक्रम शुभजीत डे (माय भारत जिला युवा अधिकारी) ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्ति ही विकसित भारत की नींव है और युवाओं को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी। मोनिका दास (एन.एस.एस. जिला संगठक) ने कहा कि स्वयंसेवियों का अनुशासन और समर्पण ही इस अभियान की सफलता का आधार है। कांफ्लुएंस महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रचना पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि नशा मुक्त समाज ही विकसित भारत की नींव है, और युवाओं की जागरूकता से ही यह संकल्प सफल होगा। प्रो. विजय मानिकपुरी (एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी, कॉन्फ्लुएंस महाविद्यालय) ने शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा मुक्त भारत का संकल्प ही राष्ट्र निर्माण की दिशा में पहला कदम है। प्रो. एस.आर. कन्नौजे (शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय) ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही हम अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगा सकते हैं। वहीं प्रो. राजकुमारी धुर्वा (शासकीय कमला देवी राठी महाविद्यालय) ने कहा कि नुक्कड़ नाटक और रैली जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के प्रभावी साधन हैं। इस अवसर पर शासकीय कमला देवी राठी महाविद्यालय से महामाया चौक, बसंतपुर तक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली के दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनमें युवाओं ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री जी ने ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति को रोकता है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीना चाहिए और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के दूत बनना चाहिए; उन्होंने इसे 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान बताया जिसमें हर रविवार खेल प्रतियोगिताएँ, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और कला प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी, और इसमें 10,000 से अधिक स्थानों से युवाओं की भागीदारी होगी, साथ ही माय भारत वॉलिंटियर्स, एन.एस.एस., युवा क्लब, शैक्षणिक संस्थान, एन.जी.ओ., उद्योग संघों के युवा विंग और 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन भी जुड़ेंगे इस अभियान का उद्देश्य नशा मुक्त समाज का निर्माण कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। कार्यक्रम अधिकारियों के मार्गदर्शन में एन.एस.एस. के सैकड़ों स्वयंसेवियों ने अनुशासित सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाया और पूरे जिले में नशा मुक्ति का संदेश गूंजा।

#Confluence_College












