अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में उतरने वाले खिलाड़ियों को तीन लाख तक की सहायता
रायपुर। ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मंगाए हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने योजना में खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय के साथ खेल उपकरणों की जरूरतों को भी शामिल किया है। खेल उपकरणों के लिए खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या संबंधित उपकरण के बाजार मूल्य में से जो राशि कम होगी, वही मान्य होगी।
योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी।
खिलाड़ियों को आवेदन पत्र में अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, आयु, लिंग, खेल का नाम, स्थायी एवं वर्तमान पता, संपर्क विवरण तथा बैंक खाते की जानकारी देनी होगी। संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का नाम, आयोजन स्थल, देश, प्रतियोगिता की अवधि, चयन पत्र का विवरण और राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करने की जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी। आवेदन में यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए दावा की गई राशि का अलग-अलग विवरण देना होगा। साथ ही प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति तथा आधार कार्ड एवं पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना होगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से 30 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 को अपना आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2262177, 0771-2262178 तथा ई-मेल dir-sportsyw.cg@gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
#Sports_Aid












